― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरJaunpur Dhara News : विवेक हत्या मामले में उग्र हुए ग्रामीण, पुलिस...

Jaunpur Dhara News : विवेक हत्या मामले में उग्र हुए ग्रामीण, पुलिस पर किया पथराव

  • आरोपी की गिरफ्तारी का कठोर कार्यवाही की मांग पर अड़े रहें परिजन
  • एसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को किया काबू, पूरे दिन पुलिस छावनी में तब्दील रहा क्षेत्र

जौनपुर धारा, जौनपुर। मंगरमू गांव में विवेक यादव की हत्या के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम के उपरान्त परिजन शव घर ले आए और गुरुवार की सुबह से ही निगोह बाजार के तिराहे पर शव लेकर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ मड़ियाहूं विवेक सिंह, एसडीएम कुणाल गौरव ने सड़क से लोगों को हटाने का काफी प्रयास किया लेकिन असफल रहे। एसपी शैलेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे तो उग्र परिजनों व ग्रामीणों ने नारेबाजी शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के साथ ही तीखी बहस होने लगी। बाद में पुलिस जबरन शव को स्वजनों के साथ थाने ले आई तो ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। सैकड़ों की भीड़ ने एक साथ पुलिस पर पत्थरबाजी की। इस दौरान पुलिस टीम ने पैदल और गाड़ी से किसी तरह भागकर जान बचाई। बाद में भीड़ पर लाठीचार्ज करते हुए पुलिस ने लोगों को हटाया। एसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह और सीओ मड़ियाहूं विवेक सिंह ने भी किसी तरह भागकर जान बचाई। उधर पथराव में लेखपाल प्रमोद श्रीवास्तव को चोट भी लगी। एसपी ग्रामीण की गाड़ी और थाना मीरगंज, थाना नेवढ़िया, थाना पवारा व सुरेरी की गाड़ी का शीशा टूट गया। एसपी डॉ.अजय पाल शर्मा मौके पर पहुंचें और घर-घर जाकर आरोपियों की खोजबीन करने में जुटे रहे। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई की बात कही। डीएम दिनेश कुमार ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर शख्त कार्रवाई करने की बात कही।

इस दौरान पुलिस टीम ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। मंगरमू गांव निवासी 23वर्षीय विवेक यादव व गहली कठरवा गांव के लवकुश यादव, राजू यादव से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि रविवार की देर शाम 9 बजे विवेक यादव सड़क पर खड़ा था तभी गहली कठरवा गांव के राजू यादव व लवकुश यादव पहुंचकर विवेक की पिटाई कर जबरन अपने साथ लेकर चले गए। पिता शंकर यादव को जानकरी होने पर डायल 112 नंबर पुलिस को सूचना दी गई। भाई पुनीत का आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची और कहा कि थाने पर जाइए। पुनीत पिता के साथ थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष मौके पर गए लेकिन आरोपी नहीं मिला तो परिजनों को सुबह आने को कहा। परिजन रात भर परेशान रहे। दो दिन तक विवेक का कुछ पता नहीं चला, परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान रहे। इधर, पिता शंकर यादव की तहरीर पर दोनों आरोपियों पर अपहरण का मुकदमा पुलिस ने दर्ज कर लिया। मंगलवार को लगभग 3 बजे परिजनों को बेटे का शव मिलने की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। 

Share Now...