- भाईयों की सूनी कलाई पर बहनों ने नम आखों से बांधा रक्षा सूत्र
- जेल प्रशासन ने भी किया चाक चौबन्द व्यवस्था, खिले कैदियों के चेहरे
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला कारागार जौनपुर में सोमवार को रक्षाबंधन पर्व पर बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं। जिला जेल में बंद बंदियों यानी अपने भाइयों की कलाई पर प्यार का रक्षासूत्र बांधने के लिए बहनें सुबह से जौनपुर जेल पहुंच गयी। काफी इंतजार के बाद उनकी मिलाई का कार्यक्रम शुरु हुआ और उन्होने अपने भाइयों की कलाई में राखी बांधकर उनकी रिहाई की ईश्वर से कामना की। रक्षाबंधन पर्व पर सुबह से ही महिलाओं का आना शुरू हो गया था। जेल प्रशासन ने सभी बहनों को उनके भाइयों से मिलाने की व्यवस्था कर रखी थी।

उपवास रखकर पहुंचीं बहनें भाई की कलाई में राखी बांधने की उत्सुकता दिख रही थीं। उनके मन में था कि वह जल्द अपने भाई की सूनी कलाई में अपना प्यार बांध सकें। बाद में जब उन्हें जेल गेट के अंदर प्रवेश की अनुमति मिली तो उनके चेहरे और खिल गए। राखी बांधने के दौरान तमाम भाई एवं बहनों की आंखें नम थी।

माहौल पूरी तरह से भावुक था। मुलाकात में बहनों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसको लेकर जेल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे। रक्षाबन्धन के पावन पर्व वर कारागार में निरूद्ध बन्दियों के मुलाकात हेतु आई बहनो की 03 पालियो में मुलाकात करायी गयी। जिसमे 04 पुरूष, 309 महिला मुलाकाती व उनके साथ 85 बच्चों ने मुलाकात की। महिला मुलाकातियों द्वारा अपने भाईयो को राखी बांधी गयी और मिठाईया खिलाकर उनके लम्बे उम्र की कामना की गयी। इस अवसर पर कारागार परिवार की तरफ से कारागार के अन्दर एक निःशुल्क स्टाल लगाया गया था। जिसमें राखी, रोली, चन्दन चावल, फूल, दीप व मिष्ठान की थाली उपलब्ध करायी गयी थी।

भाइयों को जेल में राखी बांधने के लिए आई बहनों ने जिला कारागार प्रशासन को धन्यवाद दिया। जेल अधीक्षक विनय कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन का पर्व जिला कारागार में विशेष रूप से मनाया जाता है। जिला कारागार में विशेष इंतजाम किए जाते हैं, क्योंकि कारागार एक संवेदनशील जगह है। यहां पर सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की भावनाओं को भी सम्मान दिया जाता है। इसमें सुरक्षा का विषय काफी महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर प्र.कारापाल धर्मेन्द्र सिंह, प्रधान सहायक खलीक अहमद, शिक्षाध्यापक प्रदीप कुमार अस्थाना, मुलाकात प्रभारी नन्द किशोर, उपकारापाल सुभाष चन्द्र पाण्डेय, शुष्मा शुक्ला एवं अन्य अधकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।