जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लोहता गांव में रविवार को दबंगों द्वारा एक दलित परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दो महिलाएं घायल हो गईं। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार लोहता गांव निवासी जियालाल गौतम की 43 वर्षीय पत्नी आशा देवी रविवार को घर पर कामकाज कर रही थीं। इसी दौरान लगभग डेढ़ दर्जन की संख्या में दबंग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए।
आरोप है कि दबंगों ने सबसे पहले घर परिसर में बंधे भैंस और गाय को खूटे से खोलकर भगा दिया। इसके बाद दबंगों ने आशा देवी और उनकी जेठानी गंगाजली पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों महिलाएं घायल हो गईं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। हमलावरों ने घर के सामने बनी रिहायशी मड़ई को धक्का देकर गिरा दिया और घर में जमकर तोड़फोड़ की।
आरोप है कि दबंग घर में रखा भूसा, चावल, गेहूं समेत खाने-पीने का अन्य सामान भी उठा ले गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। घटना के दौरान परिवार के लोग किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचा सके।
इस घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित परिवार ने सरायख्वाजा थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



