- नगर मे निकाली गई राम नवमी की विशाल शोभायात्रा
- साज-सज्जा से लोग हुए आकर्षित, जन समूह ने किया स्वागत
जौनपुर धारा,जौनपुर। राम नवमी के पावन पर्व पर बुधवार को बजरंग दल श्री रामनवमी शोभायात्रा समिति द्वारा भंडारी रेलवे स्टेशन स्थित श्रीराम जानकी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। इस शोभायात्रा में घोड़ा, ऊंट, बैंड बाजे, ढोल ताशे, डीजे के साथ ही भगवान श्रीराम लला की भव्य झांकियों को सुंदर ढंग से सजाया गया था।

शोभायात्रा का शुभारंभ ई.अंजना ओम श्रीवास्तव ने नारियल तोड़कर किया। इस विशाल जुलूस में जनसमूह के साथ काफी संख्या में मातृ शक्तियां भी शामिल रहीं। इस बार की शोभायात्रा में विशेष आकर्षण झांकी शिव तांडव व हनुमान जी की प्रस्तुति थी। पालकी में विराजमान भगवान राम की भव्य सजावट युक्त रथ की चहुओर प्रशंसा हो रही थी। कोतवाली चौराहा स्थित नियंत्रण कक्ष से शोभायात्रा को नियंत्रित करने में डॉ.हर्षित गुप्ता ने अहम भूमिका निभाई। जुलूस में शामिल कई अखाड़ों ने भी हैरतअंगेज प्रदर्शन कर लोगों को दांतो तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। उक्त अवसर पर लोक जनसेवा फाउण्डेशन ने भी अपना अहम योगदान दिया। जुलूस अपने निर्धारित मार्ग सुतहट्टी बाजार, सब्जी मंडी, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा, शाही पुल, ओलंदगंज से होते हुए कजगांव पड़ाव स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना कर समाप्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जगह-जगह पर स्वागत द्वार बनाया गया तथा जन समूह ने जुलूसों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। श्रीराम लला का जन्मोत्सव मनाने में समिति के संस्थापक सुभाष गर्ग, श्रवण चौरसिया, विनोद केसरवानी, संरक्षक जिलाजीत सेठ, राजकुमार सेठ, मुन्नालाल सेठ, संयोजक रंजीत अग्रहरि, अध्यक्ष सुधीर साहू, कोषाध्यक्ष अभय चौरसिया, कृष्णा सेठ, मानिक चंद्र सेठ, भानु जायसवाल मनोज कुमार सोनी, सुधीर शाहू बंम, आलोक साहू, सुभाष चंद्र गुप्त, साहब लाल साहू, विजय गुप्ता, सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपना विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में युवा बजरंग दल रामनवमी शोभा यात्रा समिति के अध्यक्ष रंजीत अग्रहरि एवं महासचिव संजीव चौरसिया ने सभी को कार्यक्रम में सहयोग एवं सहभागिता हेतु कोटि-कोटि धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया।



