जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम इकरामगंज में एक 80वर्षीय वृद्धा के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रमेश माली की माता केवला देवी 17 मार्च 2026 की भोर में घर से बाहर निकली थीं, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने बताया कि वृद्धा के घर न लौटने पर उनकी काफी खोजबीन की गई। गांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। थक-हारकर स्वजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है और पुलिस से जल्द से जल्द खोजबीन की मांग की है। लापता महिला का रंग गोरा, कद लगभग 5 फीट बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, उनके पैर में चोट होने के कारण वह थोड़ा झुककर चलती हैं। घटना के समय उन्होंने कंबल ओढ़ रखा था, जिससे उनकी पहचान करने में मदद मिल सकती है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आसपास के इलाकों में भी सूचना प्रसारित की जा रही है। परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को भी वृद्धा के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें, ताकि उन्हें सकुशल घर वापस लाया जा सके।
प्रैक्टिकल देने गई 19 वर्षीय छात्रा लापता, मुकदमा दर्ज
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के जमुआरी गांव से एक 19वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों में चिंता का माहौल है। काफी खोजबीन के बावजूद युवती का कोई सुराग न मिलने पर पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमुआरी गांव निवासी पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री 17 मार्च को डीएवी कॉलेज नयनपुर पतरही में प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए गई थी। शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद सगे-संबंधियों एवं आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने हर संभावित स्थान पर खोजबीन करने के बाद अंतत: थाने में सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राम लाल को सौंपी गई है। पुलिस टीम युवती की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर हमला, मुकदमा दर्ज
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में परीक्षा देकर बाहर निकले एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना माता कलावती इंटर कॉलेज बारी के पास की बताई जा रही है, जहां कुछ मनबढ़ युवकों ने छात्र को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार केराकत थाना क्षेत्र के गद्दीपुर मुफ्तीगंज निवासी हिमांशू यादव (कक्षा 10 के छात्र) 10मार्च को परीक्षा देने के लिए कॉलेज पहुंचे थे। दोपहर में परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही वह कॉलेज से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे आरोपी मनीष यादव पुत्र गुड्डू उर्फ अच्छेलाल यादव (निवासी शाहबुद्दीनपुर) ने अपने साथियों के साथ उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए छात्र को लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी मनीष यादव व अन्य के खिलाफ धारा 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच उपनिरीक्षक वीरेंद्र प्रसाद को सौंपी गई है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गोमती नदी पर बनेगा 45.4 करोड़ की लागत से नया पुल, जौनपुर को मिलेगी बड़ी सौगात
जौनपुर। जनपद के विकास को नई दिशा देने के क्रम में प्रदेश सरकार ने एक और बड़ी परियोजना को मंजूरी दे दी है। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रयासों से योगी आदित्यनाथ ने गोमती नदी पर नए पुल के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह पुल सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर स्थित खुटहन विकास खण्ड के गठाना और डंडवा गांव के बीच गोमती नदी पर बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 की राज्य योजना के अंतर्गत 45 करोड़ 4 लाख 86 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इस पुल के बनने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन पुल निर्माण के बाद लगभग 20 से 25 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा। गौरतलब है कि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रयासों से इससे पहले भी क्षेत्र में कई पुल परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है। इनमें जोगियापुर स्थित शास्त्री सेतु के समानांतर एक पुल तथा प्यारेपुर-कलीचाबाद के बीच निर्माणाधीन सेतु प्रमुख हैं, जिनका कार्य लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है। इसके अलावा जनपद में आवागमन सुविधा बढ़ाने के लिए कई पीपा पुल भी बनाए जा चुके हैं, जिनमें अचला देवी घाट, मियांपुर और गठाना क्षेत्र शामिल हैं। वहीं, नगर के तूतीपुर मोहल्ले में भी एक नए पीपा पुल के निर्माण की योजना प्रस्तावित है। राज्यमंत्री के मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह परियोजना जनपद के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
फांसी लगाकर विवाहिता की मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप
जौनपुर। जनपद के लाइन बाजार थाना अंतर्गत चकमाहन गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान शेजल यादव के रूप में हुई है।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पिता जयशंकर यादव और माता रेखा देवी के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी की शादी 29 अप्रैल 2025 को चकमाहन निवासी कन्हैया लाल यादव के पुत्र सचिन यादव से की थी, जो वर्तमान में मुंबई में कार्यरत है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही शेजल को कम दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के दिन भी ससुराल पक्ष पर दबाव बनाकर उसे मायके से वापस ले जाने का आरोप लगाया गया है। परिवार के अनुसार, घटना से एक दिन पहले शेजल को उसके मायके कोहड़ें सुल्तानपुर (थाना बक्सा) लाया गया था। आरोप है कि उसी शाम ससुराल पक्ष के लोग वहां पहुंचे और जबरन उसे अपने साथ चकमाहन वापस ले गए। कुछ ही घंटों बाद परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मृतका के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। इस संबंध में थाना प्रभारी के.के.सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सरायख्वाजा उपकेंद्र क्षेत्र में 7घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित
जौनपुर। जनपद के सरायख्वाजा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। विद्युत विभाग द्वारा उपकेंद्र पर मेंटेनेंस कार्य के चलते निर्धारित समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
अधिशासी अभियंता वी.के. सिंह के अनुसार, आज यानी 20मार्च को 33 केवी ट्रांसफार्मर के इनकमिंग पैनल को बदलने तथा अन्य आवश्यक मेंटेनेंस कार्य किया जाना है। इस कारण सरायख्वाजा उपकेंद्र की सुबह की नियमित रोस्टिंग नहीं होगी। विभाग द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, उक्त तिथि को सुबह 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने दैनिक कार्य एवं पानी से संबंधित आवश्यक कार्य सुबह 10:00 बजे से पहले ही पूरा कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।


