जौनपुर। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह ने बताया कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जन्म शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में रखी अटल स्मृति सम्मेलन मल्हनी विधानसभा में 28दिसम्बर दिन रविवार समय 04बजे सनबीम स्कूल कुल्लहनामऊ में होगा। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पूर्व केंद्रीयमंत्री भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश भाजपा चुनाव अधिकारी महेन्द्र नाथ पाण्डेय भाग लेगे एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में काशी क्षेत्र के महामंत्री एवं जिला प्रभारी अशोक चौरसिया उपस्थित रहेंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष अजीत प्रजापति करेगे।
महिला के साथ छेड़छाड़ व अपहरण की कोशिश
जौनपुर। एक महिला के साथ छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता के शोर मचाने पर परिजनों ने एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया,जबकि दूसरा अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पीड़िता ने बताया कि 25दिसंबर की रात करीब 8बजे वह अपने घर के बाहर बर्तन धो रही थी। इस दौरान घना कोहरे का फायदा उठाकर दो युवक वहां पहुंचे और उसका मुंह दबाकर जबरन ले जाने लगे। अचानक हुए हमले से वह घबरा गई। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से चीखना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पति और अन्य परिजन बाहर निकल आए। परिजनों को आता देख आरोपी महिला को छोड़कर भागने लगे। इस दौरान परिजनों ने एक युवक को पकड़ लिया। लेकिन दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को थाने ले गई। हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी को थाने ले जाने के बावजूद अब तक उसके खिलाफ कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़िता और उसके पति का कहना है कि आरोपी पक्ष की ओर से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने अब तक छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
12वीं के छात्रा को वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, केस दर्ज
जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र में एक इंटरमीडिएट छात्रा के साथ छेड़छाड़ और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की मां ने बताया कि छात्रा को गांव का ही एक युवक स्कूल आने-जाने के दौरान लगातार परेशान करता था। आरोपी ने छात्रा का चोरी-छिपे वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करता रहा। आरोपी के दबाव और डर के कारण छात्रा को अपने कॉलेज में एनसीसी की सदस्यता छोड़नी पड़ी। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा के परिजनों को जान से मारने और उनके परिवार के बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने कॉलेज जाना बंद कर दिया है। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
डिजिटल डायरी से की जाएगी सामुदायिक शौचालयों की निगरानी
जौनपुर। जनपद के सामुदायिक शौचालय निष्प्रयोज्य नहीं रहेंगे, स्वच्छ भारत मिशन को गति देने व ग्रामीणों को इसके उपयोग को बढ़ाने के लिए व्यवस्था बदल दी गई है। अब इसकी निगरानी डिजिटल डायरी से की जायेगी। मसलन, ब्लॉक स्तरीय कर्मचारियों को शौचालयों की फोटो खींच बताना होगा कि यह प्रयोग में है। इसकी रोजाना रिपोर्ट तैयार होगी व प्रत्येक 15दिन में समीक्षा होगी।
जिले के सभी 1734गांवों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया गया। इसके रख-रखाव के लिए केयर टेकरों को रखा गया है व नौ हजार रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। बावजूद इसके अधिकांश सामुदायिक शौचालयों में ताले लटके रहते हैं। जिलाधिकारी से लेकर मुख्य विकास अधिकारी तक इसके संचालन के लिए काफी जोर दिया, लेकिन सूरत नहीं बदली। अब इस नई व्यवस्था को बेहतरी के रूप में देखा जा रहा है। इस पहल से न सिर्फ इसकी उपयोगिता बढ़ेगी, बल्कि शासन की मंशा भी सिद्ध हो सकेगी। सामुदायिक शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी समूहों को दी गई है। हालांकि इसका अभी पूरी तरह अमल नहीं हो सका है। अधिकांश सामुदायिक शौचालयों के बंद होने से ग्रामीण इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। इसके साथ ही देख-रेख के अभाव में किसी का दरवाजा टूट गया है तो किसी में पानी की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में निगरानी बढ़ाए जाने से व्यवस्था भी बेहतर होने की उम्मीद जग गई है। डिजिटल डायरी से सामुदायिक शौचालयों की निगरानी आनलाइन की जाएगी। एडीओ पंचायतों की यह जिम्मेदारी होगी कि वह सचिवों के माध्यम से चल रहे सामुदायिक शौचालयों की फोटो मंगवाएंगे व डीपीआरओ कार्यालय में उपलब्ध कराएंगे।
चाइनीज मांझे से फिर युवक घायल
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी यशवंत यादव की गर्दन मांझे से कट गई। यह घटना जिला प्रशासन की चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने में विफलता के बीच हुई है। यशवंत यादव ओलंदगंज से काम कर लौट रहे थे, तभी जौनपुर-मिर्जापुर रोड पर स्थित ओवरब्रिज के पास उनकी गर्दन पतंग के मांझे से कट गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बच गई। अभी कुछ दिन पहले नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के काली कुट्टी मोहल्ले के एक शिक्षक की शास्त्री पुल पर चाइनीज मांझे से मौत हो गई थी। वह अपनी बेटी को स्कूल छोडकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ था। जिला प्रशासन लगातार चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चला रहा है। हालांकि, इन अभियानों की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पुलिस छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई कर रही है, जबकि बडे विक्रेता खुलेआम मांझे की बिक्री कर रहे हैं।

