- सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन
जौनपुर धारा, शाहगंज। सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में तहसील सभागार में आयोजित किया गया जिसमें फरियादियों ने कुल 59 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। मौके पर 12 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्र सम्बंधित विभाग को सौंप दिया गया। एसडीएम ने अधिकारियों, कर्मचारियों को चेताया कि प्रार्थना पत्रों को समयबद्ध व निष्पक्षता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। देरी अथवा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार फरियादियों के साथ कत्तई न करें। इस दौरान नायब तहसीलदार संदीप कुमार, नायब तहसीलदार शैलेन्द्र कुमार समेत सर्किल के थानाध्यक्ष व राजस्व कर्मी व सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
- रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी का हुआ स्थानान्तरण
जौनपुर धारा, शाहगंज। रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार सिन्हा का स्थानांतरण नई दिल्ली के लिए हो गया। शनिवार को भव्य विदाई समारोह आयोजित हुआ। आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर जवान एवं रेलवे स्टेशन अधीक्षक समेत तमाम कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। श्री सिन्हा का 29 महिने का कार्यकाल रहा। वाराणसी कैंट से स्थानांतरित हो 28 मार्च वर्ष 2021 में जंक्शन स्थित थाने पर पोस्ट किये गये थे। वहीं जम्मू से आ रहे सुनील कुमार दिवाकर जंक्शन के नये प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। फिलहाल अभी चार्ज नहीं लिया है। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र यादव, जीआरपी चौकी प्रभारी यजुवेन्द्र सिंह, एसआई रमेश कुमार यादव, कांस्टेबल मंगलेश सिंह, अरुण कुमार सिंह, जनार्दन यादव, अंजलि भीमान आदि मौजूद रहे।
- सड़क दुर्घटना में युवक घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत चिरैया मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उक्त घायल का प्राथमिक उपचार कराया गया। सरपतहां थाना क्षेत्र के डेहरी गांव निवासी 30 वर्षीय सोनू पुत्र इंदल अपने रिश्तेदारी से वापस बाइक से घर लौटने के दौरान अयोध्या मार्ग स्थित चिरैया मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान हालत गंभीर देखकर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
- भूमि कब्जाने के आरोप में महिला सहित पांच पर केस
जौनपुर धारा, खुटहन। लवायन गांव में न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश के बाद भी जबरन विवादित भूमि पर कब्जा जमाने के मामले में पुलिस ने एक पक्ष से महिला सहित पांच के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुट गई है। गांव निवासी अधिवक्ता पुष्करनाथ त्रिपाठी और पड़ोसी महेंद्र चौरसिया के बीच वर्षों से भूमि विवाद चला आ रहा था। न्यायालय ने उक्त विवादित भूमि पर स्थगन आदेश जारी कर दिया है। अधिवक्ता का आरोप है कि शुक्रवार को बिपक्षी महेंद्र चौरसिया, नंदलाल, मनभावती चौरसिया और गांव के ही लालू सिंह और कल्लू सिंह गोलबंद होकर विवादित मिट्टी के भीटे को ढहाकर उसे अपने खेत में मिला लिए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
- सैनिक बंधु की बैठक 26 को
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ले. कर्नल विजय अहलावत (अ.प्रा.) ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी अनुज कुमार की अध्यक्षता में सैनिक बन्धु की बैठक 26 अगस्त को 3:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में की जायेगी।
विश्व दिव्यांग दिवस पर दिये जायेंगे राज्य स्तरीय पुरस्कार
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला ने जनपद में निवासरत व्यक्तियों को अवगत कराया है कि प्रत्येक वर्ष की भॉति विश्व दिव्यांग दिवस 3 दिसम्बर के अवसर पर दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों/संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार दिये जायेगें। उक्त के निमित्त विभाग द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 जारी की गयी हे। नियमावली में दी गयी व्यवस्थानुसार आवेदन पत्र आमन्त्रित किये जाने है। राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के अन्तर्गत पुरस्कार हेतु श्रेणियॉ निर्धारित की गयी है जिसके अनुसार दक्ष दिव्यांग कर्मचारी/स्वनियोजित दिव्यांगजन के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांगजन हेतु सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता तथा सर्वश्रेष्ट प्लेसमेंट अधिकारी या एजेन्सी के लिए सेवायोजकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांगजन के लिए निमित्त कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति तथा सर्वश्रेष्ठ संस्था के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, प्रेरणा स्रोत हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांगजन के जीवन सुधारने के लिए निमित्त सर्वश्रेष्ठ नवीन अनुसंधान या उत्पाद विकास के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांगजन हेतु बाधामुक्त वातावरण के सृजन हेतु सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांगजन को पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाला सर्वश्रेष्ठ जिला के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग वयस्क व्यक्तियों एवं सर्वश्रेष्ठ बालक/बालिका हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांगजन के लिए सर्वोत्तम अनुकूल वेबसाइट हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार, दिव्यांगजन के सशक्तीकरण हेतु कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार। इच्छुक एवं पात्र आवेदक उपर्युक्तानुसार निर्धारित प्रारूप पर आवेदन पत्र पूर्ण से भरकर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, कार्यालय विकास भवन में एक सप्ताह के अन्दर जमा करें, जिससे कि अग्रेतर कार्यवाही की जा सके।
- हिंच नारायण व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त
जौनपुर धारा, जौनपुर। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के अप्रूवल एवं व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष छवि यादव की सहमति से जनपद निवासी आप पार्टी के कार्यकर्ता हिंच नारायण तिवारी को व्यापार प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। जिसके पश्चात जिला अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह (मुन्ना) के द्वारा इस नियुक्ति की घोषणा की गई। व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष हिंच नारायण तिवारी का नियुक्ति पत्र जारी होने के बाद पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्रा, समाजसेवी शत्रुघ्न सिंह (सोनू), जिला मीडिया प्रभारी अतुल कुमार तिवारी, जिला सचिव शैलेंद्र यादव, व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विजय पाठक, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अनीता मिश्रा, शिक्षक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सुषमा मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष साधना त्रिपाठी, जिला महासचिव पूजा सिंह, जिला उपाध्यक्ष वंदना मिश्रा आदि समस्त कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा नवनियुक्त पदाधिकारी को बधाई व शुभकामनाएं दी गयी। उक्त जानकारी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी अतुल कुमार तिवारी द्वारा दी गई।
- अध्यक्ष के कड़े रुख के बाद कस्बे में चला सफाई अभियान
जौनपुर धारा, जफराबाद। स्थानीय कस्बे में शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष उम्मे रहिला के कड़े रुख के चलते वृहद पैमाने पर साफ सफाई का अभियान चलाया गया। अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. सरफराज खान ने बताया कि कस्बे में नासही, ताड़तला, शेखवाड़ा सहित कस्बे के मुख्य बाजार में कहीं कहीं गन्दगी तथा कई स्थान पर हाइमास्ट लाइट के खम्भें पर पेड़ पौधों की डालियां लटक गयी थीं जिसके कारण शार्ट सर्किट होना आम बात हो गयी थी। आये दिन समस्या आ जाती थी। इस बात की शिकायत लोगों ने अध्यक्ष से की तो उन्होंने शनिवार को सफाई कर्मियों व सुपरवाइजरों को कड़ाई से आदेश दिया। शनिवार को दिन भर तारों पर लटकी पेड़ की डालियों को काटा गया। इसके साथ ही साफ सफाई करवायी गयी।