जौनपुर। बच्चा चोरी के शक में दो साधुओं को गिरा-गिराकर पीटा। बीच सड़क पर थप्पड़ मारे गए, लात-घूंसे बरसाए और रॉड से मारा। इतना ही नहीं, नाले में भी धकेल दिया। साधु हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते रहे। वो कह रहे कि हम बच्चा चोर नहीं हैं, लेकिन दोनों नाबालिग हमलावर उन्हें पीटते रहे। साधुओं को पीटता देखकर 100से अधिक लोग जुट गए। उन्होंने साधुओं को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
बताया जा रहा है कि दोनों साधु सड़क से गुजर रहे थे, तभी एक बच्ची उन्हें देखकर डर गई। दोनों साधु बच्ची के पास पहुंचकर उससे बात करने लगे। बस इसी बात पर लोगों ने उन्हें पीट दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों युवक फरार हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों नाबालिगों समेत 4लोगों के खिलाफ कोतवाली में एफआई दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना शनिवार दोपहर 2बजे शहर के जहांगीराबाद वार्ड में हुई।
चोरी किए गए मोबाइल फोन के साथ दो युवक गिरफ्तार
खुटहन। स्थानीय थाना पुलिस ने पटैला बाजार से चोरी किए गए मोबाइल फोन के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर सीज कर दी है।
सरपतहां थाना क्षेत्र के घुघुरी सुल्तानपुर गांव निवासी अमन गौतम गत एक दिसंबर की शाम सात बजे पटैला बाजार में दुकान से खरीदारी कर रहे थे। बगल में रखा उनका ओप्पो मोबाइल फोन चोरी हो गया था। अमन गौतम की सूचना पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी थी। थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया उपनिरीक्षक रवि प्रकाश सिंह व उनके हमराहियों ने शनिवार को मिले सुराग पर सुल्तानपुर वन भोकरा मार्ग से पल्सर बाइक सवार दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से चोरी किया गया उक्त मोबाइल फोन बरामद हो गया। गिरफ्तार आरोपित खुटहन थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव निवासी चंद्रभान यादव उर्फ करिया व सरपतहां थाना के लखरईया गांव निवासी गोलू यादव उर्फ सचिन ने मोबाइल फोन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने बाइक सीज कर आरोपितों का चालान कर दिया।
नितिन नबीन के नेतृत्व से संगठन होगा मजबूत: राकेश श्रीवास्तव
जौनपुर। भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में हुए अहम फेरबदल के तहत नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी गई है। इस निर्णय से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश मंत्री एवं जिलाध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कायस्थ समाज के नितिन नबीन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरे उतरेंगे। उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा। राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नितिन नबीन सिन्हा कायस्थ समाज के प्रतिष्ठित नेता होने के साथ-साथ एक अनुभवी राजनेता और सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं। वे दिग्गज भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं और राजनीति की सुदीर्घ परंपरा से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री के रूप में कार्यरत हैं और अपनी कार्यशैली व विकासोन्मुख सोच के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर उनका व्यापक अनुभव भाजपा के लिए मजबूती का कारण बनेगा। पार्टी अध्यक्ष के चुनाव तक वे जेपी नड्डा के स्थान पर कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। राकेश कुमार श्रीवास्तव ने विश्वास जताया कि दोनों नेताओं के नेतृत्व में पार्टी नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी और आगामी चुनौतियों का मजबूती से सामना करेगी।


