- सेंटजॉन्स स्कूल में बक्सर धर्मप्रान्त के धर्माध्यक्ष का हुआ स्वागत
जौनपुर धारा, जौनपुर। बक्सर धर्मप्रान्त के धर्माध्यक्ष बिशप जेम्स शेखर का सेंटजॉन्स स्कूल में अनौपचारिक आगमन हुआ। बिशप जेम्स शेखर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर पी.विक्टर के सहपाठी एवं मित्र हैं और बिशप बनने के बाद जौनपुर में उनका प्रथम आगमन हुआ। बिशप का विद्यालय परिवार ने भव्य स्वागत किया। सर्व प्रथम बिशप ने सेंटजॉन्स की प्रतिमा को माल्यार्पित किया। विद्यालय की धर्म बहनों ने बिशप के आगमन पर स्वागत गीत गाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर पी.विक्टर ने अंगवस्त्रम से बिशप का स्वागत किया। विद्यालय के कर्मचारी शोभा ने पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। सिस्टर निकोलस ने स्मृति चिह्न, पीएस यादव एवं अरविंद मिश्र ने उपहार देकर सम्मानित किया। विद्यालय के अध्यापक डॉक्टर रामजी तिवारी ने विशप जेम्स शेखर के जीवनवृत्त पर प्रकाश डाला। बिशप जेम्स शेखर का जन्म 23 सितंबर 1967 को पालयमकोटै धर्म प्रान्त में हुआ था। 26 मई 1996 को उनका पुरोहिताभिषेक हुआ और पटना धर्म प्रान्त के लिए खुद को समर्पित कर दिया। चार फरवरी 2023 को बक्सर धर्मप्रान्त के धर्माध्यक्ष के रूप में अभिषिक्त किया गया। इसके बाद बिशप के नेतृत्व में विश्व शांति एवं मानवता की रक्षा के लिए प्रार्थना की गई। प्रार्थना में विद्यालय की धर्म बहनों ने पवित्र बाइबिल से पाठ किया। प्रार्थना के पश्चात बिशप ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए ईश्वर के महिमा का गान किया और कहा कि ईश्वर बहुत ही दयालु है वह समर्पित होते ही समस्त गलतियों को माफ कर देता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर पी विक्टर ने बाल्यावस्था से लेकर अब तक के संस्मरण को याद किया और विद्यालय में आने के लिए हृदय से आभार प्रकट किया। इस प्रार्थना सभा में फादर डेनिस विक्टर एवं फादर क्रास्ता उपस्थित रहे।