- टमाटर व अदरक के दामों में अचानक हुई अप्रत्याशित बढ़ोतरी
जौनपुर धारा, जौनपुर। मानसून की शुरूआत के साथ ही सब्जियों के दामों में भारी उछाल आ गया है। दामों में अचानक वृद्धि हो जाने से अधिकांश सब्जियों के दामों में 50 से 100 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। जिससे गृहणियों के किचन का बजट गड़बड़ हो गया है। सब्जियों पर महंगाई की मार स्पष्ट तौर पर दृष्टिगोचर होने लगी हैं। अप्रत्याशित रूप से बढ़े सब्जियों के दामों से आम लोगों की थाली से सब्जियां भी गायब होने की कगार पर पहुंचती जा रही है। इसके अलावा अन्य सब्जियों के भाव भी दोगुने से अधिक हो गये हैं। जिससे आम जनमानस सब्जी खरीदने के लिए हतोत्साहित होता जा रहा है। सब्जियों में इजाफा होने का कारण अभी हाल ही में हुई दो-तीन दिन की बरसात के अलावा सब्जियों में रोग लगना बताया जा रहा है। टमाटर एवं अदरक के भाव अचानक अप्रत्याशित रूप से बढ़ गये हैं। इसके अलावा अन्य सब्जियों के भाव भी दोगुने से अधिक हो गए हैं। पिछले तीन चार दिनों में हो रही बारिश का असर सब्जियों पर दिखने लगा है। मंडी में अधिकतर सब्जियां आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचती है। सब्जी विक्रेता ने बताया कि बारिश की वजह से सब्जियों के दाम प्रभावित हुए है। लोकल स्तर पर आने वाली सब्जी भी कम आ रही है। इस कारण रेट बढ़ गए हैं। इस बीच टमाटर 100 से 120 रूपये प्रति कि.ग्रा.तक बिक रहे हैं वहीं अदरक 240 से 260 रूपये प्रति कि.ग्रा., हरी धनिया 200 से 250 रूपये प्रति कि.ग्रा., बैगन, भिंडी, नेनुआ 30 से 40रूपये प्रति कि.ग्रा., परवल 60से 80रूपये प्रति कि.ग्रा., शिमला मिर्च 70से 80रूपये प्रति कि.ग्रा., हरी मिर्च 80से 90रूपये प्रति कि.ग्रा., गोल बैंगन 60से 80रूपये प्रति कि.ग्रा., पालक 60 रूपये प्रति.कि.ग्रा., कटहल 40 रूपये प्रति.कि.ग्रा., करेला 40से 50 रूपये प्रति किलो बिक रहे है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अभी मौसम की मार से पूरी तरह राहत मिली भी नहीं कि एक और मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक हफ्ते में सब्जियों के भाव में उछाल देखने को मिला है।



