जौनपुर। सद्भावना क्लब जौनपुर के तत्वाधान में रविवार को रजा डीएम शिया कालेज इण्टर कालेज के सभागार में मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, स्मृतिचिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि 18वीं लोकसभा में सबसे कम उम्र की सांसद प्रिया सरोज ने कहा बच्चों को लगन और परिश्रम से अपनी पढ़ाई करना होगा तभी उनका भविष्य उज्ज्वल होगा। शिक्षक और अभिभावक भी अच्छे आचरण से बच्चों को संस्कारित करें। छात्र और छात्राओं को ऊंचे सपने देखना होगा।इसके साथ ही उन्हें परिश्रम भी करना पड़ेगा। विशिष्ट अतिथि प्रबंधक शिया इंटर कालेज नजमुल हसन नजमी ने भी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप जलाकर किया गया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। पूर्व अध्यक्ष मधुसूदन बैंकर ने ईश वंदना व संस्था का परिचय दिया। कहा कि बच्चे राष्ट्र की मुस्कान हैं, इन्हें एक अच्छा इंसान बनाने की जिम्मेदारी अभिभावकों व शिक्षकों की भी होती है।
ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
खुटहन। गोसाईपुर नहर पुलिया के पास बुधवार की रात ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष चन्दन कुमार राय ने घायल युवक को सीएससी भेजवाए। जहां देखते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सेठुआपारा गांव निवासी 28वर्षीय धर्मेन्द्र यादव पुत्र राजेन्द्र प्रसाद शाम को किसी काम से खुटहन बाजार आया था। जहां से वह रात लगभग साढ़े नौ बजे वापस घर लौट रहा था। उक्त नहर पुलिया के पास सामने से आ रही ट्रक की चपेट में आ गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आने से तेज रक्त स्राव होने लगा। अस्पताल पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम हेतु भेज दिया। पुलिस दुर्घटना करने वाली ट्रक की तलाश कर रही है।
हत्या के प्रयास के मामले में दो सगे भाई गिरफ्तार
जौनपुर। पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी व हत्या के प्रयास के मुकदमे में आरोपित दो सगे भाइयों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, राज कालेज पुलिस चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव, कांस्टेबल राज नारायण व विजय प्रकाश ने ताड़तला मोहल्ला निवासी वांछित आरोपितों सोनू सेठ व मोनू सेठ को मिले सुराग पर नये पुल मार्ग पर होटल रीवर-व्यू के पास से गिरफ्तार कर चालान कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया गत जुलाई में रिजवी खां मोहल्ला निवासी दबीर नामक युवक से मारपीट के दौरान उसे चाकू घोंपकर घायल कर दिया गया था। दर्ज मुकदमे में मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बाद में हत्या के प्रयास की धारा बढ़ाई गई थी। आरोपितों का चालान कर दिया गया।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर। कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिक लड़की से शारीरिक संबंध बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पुरानी बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र के सरायलता बारहदूवरिया निवासी मोहम्मद सगीर पुत्र मोहम्मद सलीम ने एक नाबालिक लड़की को शादी का झांसा देकर कई बार उससे शारीरिक संबंध बनाए।
नाबालिक के घर वाले जब लड़के के घर वालों से अपनी लड़की के साथ हुई घटना के बारे में बताया तो पहले तो शादी कर लेने की बात स्वीकार कर लिया। लेकिन आरोपी के घर वाले शादी करने के लिए हीला हवाली करने लगे। जब लड़की के घर वाले शादी करने की बात की जिद करने लगे तो सभी ने गंदी गंदी गाली और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। नाबालिक की मां ने इस घटना की जानकारी शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता को लेते हुए मामला दर्ज कर लिया। शहर कोतवाल को सूचना मिली कि घटना में नामजद आरोपी कहीं भागने की फिराक में भंडारी स्टेशन पर मौजूद है। चौकी प्रभारी पुरानी बाजार गोविंद मौर्य को साथ में लेकर आरोपी मोहम्मद सगीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपों का चलन न्यायालय भेज दिया है।
दिनदहाड़े क्रेटा कार का शीशा तोड़, शातिर चोर 3 लाख नगदी लेकर फरार
जौनपुर। शहर के सबसे पॉश और हाई-सिक्योरिटी माने जाने वाले जेसीज चौराहे पर बुधवार की शाम को पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए एक सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। दिनदहाड़े, बेखौफ बदमाशों ने एक खड़ी क्रेटा कार का शीशा तोड़कर महज 40मिनट के भीतर ड्राइवर सीट के नीचे रखे 3लाख रूपये कैश पर हाथ साफ कर दिया। इस पूरी घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है, क्योंकि यह वारदात उस जगह हुई, जहां हर समय पुलिस और आम जनता की भारी आवाजाही रहती है।
मामला लाइन बाजार थाना क्षेत्र के यूपी सिंह कॉलोनी निवासी ठेकेदार आशीष सिंह से जुड़ा है। बुधवार की शाम करीब 5बजे आशीष सिंह अपनी क्रेटा कार से कहीं जा रहे थे। जेसीज चौराहे पर फायर एंड फ्लेयर रेस्टोरेंट के सामने सड़क किनारे अपनी गाड़ी खड़ी कर वे अंदर चले गए। चौंकाने वाली बात यह है कि वह पैसों से भरा बैग लेकर पहले कुछ कदम आगे बढ़े, लेकिन अचानक मन बदलकर वापस आए और बड़ी लापरवाही के साथ बैग को ड्राइवर सीट के नीचे रख दिया। संभवत: चोरों की शातिर नजर पहले से ही उन पर थी। करीब 40मिनट बाद, जब आशीष सिंह वापस लौटे, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि क्रेटा के पीछे वाली खिड़की का शीशा टूटा हुआ था। गाड़ी का गेट खोलकर देखने पर पैसों से भरा बैग गायब था। तत्काल सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इस घटना के बाद पास के एक सेंटर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसने चोरी की पूरी साजिश को बेनकाब कर दिया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे दो शातिर चोर, बिना किसी डर या जल्दबाजी के, पहले गाड़ी की रेकी करते हैं और फिर बेहद चालाकी से शीशा तोड़कर पैसों का बैग लेकर चंपत हो जाते हैं। इस वारदात ने यह साबित कर दिया है कि शहर में संगठित चोर गिरोह सक्रिय हैं और उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं है। यह घटना पुलिस की मुस्तैदी और गश्त पर एक बड़ा सवालिया निशान है। शहर के लोग अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस प्रशासन से इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
दो बदमाश गिरफ्तार, दो तमंचा व कारतूस
खुटहन। थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान बुधवार को चेकिंग के दौरान दो बदमाशों को दो तमंचा व कारतूसों के साथ गिरफ्तार कर लिया। आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपितों का चालान कर दिया।
थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय व उपनिरीक्षक राजेश कुमार हमराहियों के साथ गश्त के दौरान बड़सरा मोड़ के पास संदिग्ध लोगों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। पुलिस टीम ने सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी आकाश शुक्ल व स्वतंत्र शुक्ल को संदेह होने पर पकड़ लिया। तलाशी में दोनों के पास से 315 बोर का एक-एक तमंचा व कारतूस मिला।
गौवंश की हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर। सुजानगंज के अरूआ न्याय पंचायत ग्रामसभा अरूआ में एक व्यक्ति विजय बहादुर सरोज द्वारा गौवंश की हत्या का मामला सामने आया है।
विश्व हिंदू परिषद को सूचना मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष फूलचंद्र पांडेय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा। पुलिस इस घटना की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 51 का उपचार
गौराबादशाहपुर। नगर पंचायत गौराबादशाहपुर के वार्ड संख्या 10 में यूनियन बैंक के पास सनराइज पाली क्लिनिक चोरसंड की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 51मरीजों की जांच कर मुफ्त में दवाएं वितरित की गई।
मरीजों की जांच डॉ.शाजिया आफताब, डॉ.मुस्तकीम, डॉ.उम्मे फरवा और डा.मो.इरफान खान ने की। शिविर का उद्घाटन सभासद प्रतिनिधि अमीक अंसारी ने फीता काटकर किया। उन्होंने इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज के गरीब और असहाय लोगों की मदद होती है। इस दौरान मोहम्मद गालिब, पूजा यादव, साक्षी, कलीमुल्लाह अंसारी, रेहान, सलामुद्दीन, अजीत अन्य रहे।
आगामी त्योहारों को लेकर उपजिलाधिकारी से मिला व्यापार मण्डल
केराकत। आगामी नवरात्रि दशहरा भरत मिलाप दीपावली डाला छठ को मद्देनजर देखते हुए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल के पदाधिकारिगणों ने उपजिलाधिकारी से मिलकर कस्बा के मुख्य मार्ग से दुर्गा विसर्जन और भरत मिलाप का भ्रमण कर विसर्जन एवं भरत मिलाप कार्यक्रम हर वर्ष की भाँति इस वर्ष होना सुनिश्चित बताया।
उपजिलाधिकारी केराकत को बताया गया कि मुख्य मार्ग पूरी तरह से हर जगह खराब है और क्षतिग्रस्त है व बिजली आपूर्ति नियमित रूप से कराने व बाजार में लटके हुए तार, क्षतिग्रस्त खम्भे, को सही कराने हेतु लिखित पत्र देकर दुरुस्त कराने की माँग रखी। इस मौके पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल नगर अध्यक्ष प्रदीप कमलापुरी(पिंकू), नगर महामंत्री दयाराम गुप्ता, नगर कोषाध्यक्ष राजेश कुमार साहू (सभासद पति)शेखजादा, नगर उपाध्यक्ष मनोज कमलापुरी रहें।
भूमि विवाद में प्रधान को मिल रही जान से मारने की धमकी
खुटहन। भटपुरा गांव के प्रधान सत्यनारायण बिंद ने थाने में तहरीर देकर पड़ोसी व उसके कई अन्य साथियों के द्वारा भूमि विवाद को लेकर उसे जान से मारने व रास्ते में घेराबंदी करने का आरोप लगाया है। मामले में एक नामजद पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर दिया है।
प्रधान का आरोप है कि पड़ोसी जबरन उसकी भूमि में निर्माण कर रहे थे। मना करने पर वे मारपीट पर अमादा हो रहे थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने निर्माण रोक दिया। इसी से खार खाए पड़ोसी सुरेश और पांच इनके साथी रास्ते में घेराव व जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हत्यारोपी पिता व तीन पुत्रों को उम्र कैद,11 वर्ष पूर्व हुई थी हत्या
जौनपुर। अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी द्वितीय अपर्णा देव की अदालत ने जलालपुर थाना क्षेत्र में 11वर्ष पूर्व आबादी की जमीन की विवाद को लेकर चाकू व गुप्ती से मार कर हत्या करने के आरोपी पिता व तीन पुत्रों को आजीवन कारावास एवं 22000 रूपये अर्थ दंड से दंडित किया।
अभियोजन कथानक के अनुसार वादिनी पूनम निवासी ग्राम मरही थाना जलालपुर ने एक जुलाई 2014 को मुकदमा दर्ज करवाया की रात 8:30बजे पुरानी आबादी की रंजिश को लेकर विजय सरोज ने घर में घुसकर महिलाओं को गंदी-गंदी गाली देना व जान से मारने की धमकी देना शुरू किया। मना करने पर विजय ईंट से हमला कर दिया। वादिनी के चिल्लाने पर पड़ोसी दुलारी देवी, राजेश, सुनील व काजू दौड़कर बीच बचाव करने को आए तो विजय के भाई अजय, संजय एवं उसके पिता राम आसरे भी आ गए और सब लोग मिलकर कहा कि इसे मारकर खत्म कर दो। उसके बाद आरोपियों ने दुलारी, राजेश, सुनील व काजू को चाकू गुप्ती और ईंट से मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने दुलारी देवी को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल राकेश को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने विवेचना करके आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। शासकीय अधिवक्ता वीरेंद्र प्रताप मौर्य के द्वारा परीक्षित कराए गए गवाहों के बयान एवं पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों के परिशीलन के पश्चात अदालत ने राम आसरे सरोज व उसके तीनों पुत्रों विजय सरोज, अजय सरोज व संजय सरोज को हत्या के आरोप में दोषसिद्ध पाते हुए आजीवन कारावास व 22000 रुपए अर्थ दंड से दंडित किया।

