Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरसत्यापन में 446 राशन कार्डधारक अपात्र मिले, कार्ड निरस्त, 3034 पाए गए...

सत्यापन में 446 राशन कार्डधारक अपात्र मिले, कार्ड निरस्त, 3034 पाए गए पात्र

जौनपुर। किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े आंकड़ों के आधार पर जिले में राशन कार्डधारकों का कराया गया सत्यापन अब लगभग पूरा हो चुका है। भारत सरकार की ओर से मिली रिपोर्ट में ऐसे 3480 राशन कार्डधारकों की सूची भेजी गई थी, जिनके पास पांच एकड़ या उससे अधिक कृषि भूमि होने की बात सामने आई थी। इस सूची के आधार पर पूर्ति विभाग ने जिले के सभी गांवों में विस्तृत जांच कराई। सत्यापन के दौरान पूर्ति निरीक्षकों ने पाया कि सूची में शामिल कई कार्डधारकों की जमीन संयुक्त परिवार में हिस्सेदारी के कारण वास्तविक रूप से पांच एकड़ से कम है। जांच के बाद कुल 3034 राशन कार्डधारक पात्र पाए गए, जबकि 446 लोग अपात्र मिले। अपात्र पाए गए इन कार्डधारकों के राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं। पूर्ति विभाग के अनुसार भारत सरकार से प्राप्त सूची के आधार पर जिले के सभी 1734 गांवों में लंबे समय से जांच अभियान चलाया जा रहा था। जांच में शामिल 3480 राशन कार्डधारकों में से 446 के पास पांच एकड़ भूमि होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें अपात्र मानते हुए सूची से बाहर कर दिया गया। जांच में सबसे अधिक अपात्र मड़ियाहूं क्षेत्र में 109 मिले, जबकि रामपुर में 85, बदलापुर में 51, बरसठी में 48, मुफ़्तीगंज में 43, केराकत में 30 और जलालपुर में 22 अपात्र पाए गए। इसके अलावा महाराजगंज में 18, शाहगंज में 15, रामनगर में 13, करंजाकला में 4, सिकरारा व सुइथाकला में 3-3 तथा बक्शा और मुंगराबादशाहपुर में एक-एक अपात्र मिले। जिले में वर्तमान में कुल 2077 सस्ते गल्ले की दुकानें संचालित हैं। वहीं अंत्योदय श्रेणी के 1,25,472 कार्डधारक और पात्र गृहस्थी श्रेणी के 7,08,238 कार्डधारक राशन योजना का लाभ ले रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद 446 राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं। अपात्रों के नाम विस्तृत जांच-पड़ताल के बाद सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अपात्रों का नाम हटाने के साथ ही पात्र लोगों को प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाएगा, जिससे वास्तव में जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।

Share Now...