- विवाहिता की माता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा, दहेज हत्या का लगा आरोप
जौनपुर धारा, जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के निशान गांव में एक विवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में उसी के कमरे में सुबह 8 बजे शव लटकता पाया गया। परिवार वालों ने शव को बिना पुलिस को सूचना दिए नीचे उतार लिया तथा मायके वालों को सूचना दिया। मायके से आए विवाहिता के स्वजनों ने गौराबादशाहपुर थाने में सूचना देकर पुलिस बुला ली तथा दहेज हत्या का आरोप लगाया है। निशान गांव निवासी गोविंद गिरी की शादी रंजना गिरि 24 से 6 माह पूर्व हुई थी। रंजन का मायका आजमगढ़ के अहिरौला थाना क्षेत्र में है। स्वजनों के अनुसार रात को रंजना खा पीकर कमरे में सोई थी। सुबह जब वह देर तक नहीं उठी तो खिड़की से झांक कर देखने पर छत में लगे कुंडे में साड़ी के सहारे उसका शव लटकता दिखा। स्वजनों ने शव को नीचे उतार लिया तथा मायके वालों को सूचना दी। सूचना पर मायके से मृतका की दो बहने तथा माता गायत्री देवी पहुंची तथा गौराबादशाहपुर थाने पर घटना की सूचना दोपहर बाद 2 बजे दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजवा दिया। मृतका की माता गायत्री देवी ने गौराबादशाहपुर थाने में तहरीर देकर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। इस सन्दर्भ में पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि रंजना की माता द्वारा तहरीर मिली है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजवा दिया गया है।



