भारत के स्टार एथलीट और गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने अपनी एक पोस्ट से अपने सभी फैंस को हैरान कर दिया है। दरअसल, जैवलिन थ्रोअर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वह एक दुल्हन के साथ मंडप में बैठे नजर आ रहे हैं। नीरज चोपड़ा ने इसी के साथ यह भी बताया कि वह अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं।
नीरज चोपड़ा ने अपने इस्टाग्राम अकाउंट और एक्स पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें वह दुल्हन के साथ मण्डप में हाथ जोड़े बैठे नजर आ रहे हैं। दूसरी फोटो में भी एथलीट मण्डप में बैठकर शादी की रस्में करते दिखाई दे रहे हैं, वहीं साथ में परिवार के लोग और कुछ करीबी दिख रहें। आखिरी फोटो में नीरज अपनी मां के साथ शादी की कोई रस्म करते दिखाई दिए। देखते ही देखते नीरज चोपड़ा की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी हैं। बता दें कि नीरज चोपड़ा की पत्नी का नाम हिमानी हैं और फिलहाल इससे ज्यादा उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है कि वह कौन हैं, क्या करती हैं, लेकिन दोनों की जोड़ी कमाल की लग रही है। हालांकि स्पोर्ट्स आइकन नीरज चोपड़ा ज्यादातर लाइमलाइट से दूर रहकर ही अपनी निजी जिंदगी को जीते हैं, लेकिन अचानक यूं अपनी शादी की तस्वीरों से उन्होंने सभी फैंस को हैरान कर दिया है। आपको बता दें कि नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में अपने कमाल के प्रदर्शन से पूरे देश का दिल जीत लिया था। उन्होंने 89.45 मीटर दूर भाला फेंककर सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।



