- आधार कार्ड मिसमैच के चलते छह लोगों को जिलाधिकारी ने कोतवाली भेजा
जौनपुर धारा, शाहगंज। नगर पालिका चुनाव सुबह से शाम तक शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। इस दौरान कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई जिसके चलते जहां पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली वहीं राजनीतिक दलों समेत आमजन संतुष्ट दिखे। हालांकि डीएम व एसपी ने कई मतदान स्थल का निरीक्षण किया। विभिन्न बूथों पर छह की संख्या में आधार कार्ड से व्यक्ति का मिलान नहीं होने पर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं मतदान केंद्र एराकियाना मोहल्ला स्थित बदरुल इस्लाम जू. हाई स्कूल के बाहर दोपहर बाद नायब तहसीलदार अमित सिंह लाव लश्कर के साथ गेट पर बैठ गए। एक एक मतदाताओं का आधार कार्ड जांच अंदर भेजा गया। पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने वालों व बुजुर्गों में भी अपने जन प्रतिनिधि चुनने का उत्साह दिखा। वहीं युवाओं ने जमकर मतदान किया। फर्जी मतदान की खबर से पुलिस प्रशासन हलकान दिखा। लेकिन सख्ती के चलते फर्जी लोगों ने मतदान स्थल से दूरी बनाए रहे। इस दौरान उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, सीओ चोब सिंह, कोतवाल सदानंद राय दलबल के साथ चक्रमण करते रहे।



