संगठन मजबूती व वार्ड अध्यक्ष नियुक्ति पर निर्णय
जौनपुर धारा,सोनभद्र। संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक उरमौरा स्थित कार्यालय में शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और शहर के सभी वार्डों में वार्ड अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। साथ ही शहर कमेटी के गठन पर चर्चा हुई। बैठक में यह तय किया गया कि शहर की बुनियादी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और समाधान न होने पर आंदोलन किया जाएगा। शहर अध्यक्ष हाजी फरीद ने कहा कि संगठन की जिम्मेदारियों को पूरी तरह निभाया जाएगा। उन्होंने देश के मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के साथ है और भारत की एकता के लिए पूरा देश एकजुट है। जिला उपाध्यक्ष जगदीश मिश्रा और अरविंद सिंह ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े लोगों को संगठन से जोड़ा जाए और राजनीति में रुचि रखने वालों को आगे लाया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन की मजबूती से ही पार्टी मजबूत होगी। पूर्व प्रदेश सचिव इंजीनियर जितेंद्र पासवान और पूर्व जिला महासचिव गोपाल स्वरूप पाठक ने संगठन की मजबूती के साथ-साथ जन समस्याओं को गंभीरता से उठाने की बात कही। सोनभद्र विकास मंच के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव द्वारा 15मई से प्रस्तावित भूख हड़ताल को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की गई। अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद ने कहा कि 2010में मंच की भूख हड़ताल पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया था कि पुराने चिकित्सालय परिसर में 24 घंटे इलाज के लिए चिकित्सक, फार्मासिस्ट, ड्रेसर और आवश्यक कर्मचारी उपलब्ध रहेंगे। गंभीर मरीजों के लिए एम्बुलेंस और रेफरल सुविधा सुनिश्चित होगी, साथ ही, शासन से नगर में सिटी हॉस्पिटल खोलने का वादा किया गया था। बैठक में दिनेश धर दुबे, पूर्व शहर उपाध्यक्ष प्रदीप चौबे, पूर्व शहर महासचिव प्रांजल श्रीवास्तव, शंकर लाल भारती, राधेश्याम सिंह पटेल, रिचर्ड डेबिट, गुड़िया सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहें।