― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरव्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण संघ का ध्येय

व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण संघ का ध्येय

जौनपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार परिवार मिलन का वार्षिकोत्सव नगर के टीडी इंटर कॉलेज प्रांगण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने सामूहिक आसन, योग, समता, व्यायाम और गीत का प्रदर्शन कर अनुशासन व संगठन शक्ति का परिचय दिया। मुख्य वक्ता पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सेवा प्रमुख युद्धवीर ने कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है। संघ की शाखा वर्ष भर स्वयंसेवकों के शारीरिक और बौद्धिक विकास का माध्यम बनती है, जिससे समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन का कार्य होता है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही शक्तिशाली राष्ट्र की आधारशिला है और देशहित में सामूहिकता व अनुशासन की भावना आवश्यक है। कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, सेवा भारती, हिन्दू जागरण मंच, विद्या भारती, किसान संघ, आरोग्य भारती और भूतपूर्व सैनिक परिषद सहित लगभग 20 संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर शाहगंज विधायक रमेश सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य शिक्षक वीरेंद्र जी ने किया।

Share Now...