
- सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लपरी गांव का मामला
जौनपुर धारा, जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लपरी गांव में समीप सड़क किनारे गिरे विद्युत तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उक्त थाना क्षेत्र के हरखमलपुर गांव का निवासी गोरख गौतम (20 वर्ष) शनिवार सुबह अपने साथियों के साथ बाइक से ननिहाल लपरी गांव में जा रहा था कि रास्ते में बाइक रोककर गोरख शौच करने के लिए सड़क किनारे पहुंचते ही उसका पैर सड़क किनारे टूटे पड़े विद्युत तार से संपर्क होते ही करंट की चपेट में आ गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते तार में हाई वोल्टेज विद्युत प्रवाह होने के चलते गोरख गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में ग्रामीणों ने जब इलाज के लिए उसे चिकित्सक के पास ले जाते तब तक गोरख ने दम तोड़ दिया। घटना की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
लपरी गांव में इस घटना को लेकर ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया कि विद्युत कर्मचारी अपने कार्य के प्रति सजग रहते तो सड़क से होकर गुजर रहे जर्जर विद्युत हाईटेंशन को मरम्मत किया गया होता तो गोरख की मौत नहीं होती। मृतक गोरख के पिता महेंद्र गौतम की मृत्यु करीब तीन वर्ष पहले हो गई थी। मृतक गोरख अपने छ: भाइयों में पांचवें स्थान पर था। पिता के गुजर जाने के बाद आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण गोरख अपनी पढ़ाई को छोड़कर मजदूरी करके अपना और अपने परिवार के जिम्मेदारी का बोझ उठाता था। शनिवार को घटी इस दर्दनाक घटना ने सबकी आंखें नम कर दी। जैसे ही घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो उनमें मातम सा छा गया।



