वाराणसी. वाराणसी इनदिनों दुनिया के मैप पर छाया हुआ है. हर किसी की हसरत होती है कि इस पुरातन शहर के ऐतिहासिक घाटों का दीदार आसमान से करें. आप भी ऐसी हसरत रखते हों तो आपकी ये हसरत जल्द पूरी हो सकती हैं. काशी (Kashi) के ऐतिहासिक घाटों के खूबसूरत नजारे को लोग आकाश से निहार सकें, इसके लिए वाराणसी में बैलून फेस्टिवल का आयोजन होने का रहा है. 17 जनवरी से इसकी शुरुआत होगी जो 20 जनवरी तक चलेगा.
चार दिवसीय इस बैलून फेस्टिवल में कुल 12 हॉट एयर बैलून आसमान में उड़ान भरेंगे. 10 विदेशी और 2 देसी पायलट इस हॉट एयर बैलून को उड़ाएंगे. इसमें इटली, यूके, यूएस, पोलैंड और फिनलैंड के पायलट शामिल हैं. वाराणसी के डोमरी से इसको उड़ाया जाएगा. इसके अलावा दो वैकल्पिक जगहों का चयन भी प्रशासन ने कर रखा है. इस हॉट एयर बैलून के जरिए पर्यटक 5 से 7 किलोमीटर तक का सफर आसमान में कर पाएंगे.
बोट फेस्टिवल का भी होगा आयोजन
पर्यटन विभाग की उपनिदेशक प्रीति श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी में पर्यटन को बढ़ाने के लिए 4 दिवसीय एयर बैलून फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है. इस आयोजन में एससीओ देशों के प्रतिनिधि आसमान से काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों को निहारेंगे. सुबह और शाम को बैलून उड़ाए जाएंगे. इस बैलून फेस्टिवल के अलावा बोट फेस्टिवल का आयोजन भी किया जाएगा. बोट फेस्टिवल में रंग बिरंगे बोट गंगा में अटखेलियां करते दिखेंगे, जो यहां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे. इस बोट फेस्टिवल में स्थानीय नाविकों के अलावा बाहर से भी लोग आएंगे.



