- जिलाधिकारी का फर्जी हस्ताक्षर व मुहर लगा प्रमाणपत्र लिए हुए थे आरोपित
जौनपुर धारा, जौनपुर। बक्शा पुलिस ने डीसीएम ट्रक में क्रूरतापूर्ण ढंग से लादकर वध को ले जाए जा रहे 11 गोवंश व तीन भैंस बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित जिलाधिकारी का फर्जी हस्ताक्षर व मुहर लगा प्रमाणपत्र दिखाकर पुलिस पर धौंस जमाने का प्रयास कर रहे थे।
थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया गुरुवार की सुबह एसआइ गोपालजी तिवारी व करमुल्ला हमराही पुलिसकर्मियों के साथ शिव गुलामगंज तिराहा के पास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्ण ढंग से लदी 11 गाय व बछड़े और तीन भैंस बरामद हुई। पूछताछ करने पर पकड़े गए दोनों आरोपित जिलाधिकारी का हस्ताक्षर व मुहर लगा प्रमाणपत्र दिखाते हुए पुलिस टीम पर धौंस जमाने का प्रयास करने लगे। छानबीन में प्रमाणपत्र फर्जी निकला। पुलिस मवेशियों समेत डीसीएम व आरोपितों को थाने ले आई। गिरफ्तार आरोपितों में दुबेचक चपरामऊ का सुरेंद्र यादव व चपरामऊ का शुभम यादव हैं। दोनों के विरुद्ध जालसाजी, गोवध निवारण, पशु क्रूरता एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया। डीसीएम ट्रक सीज कर दिया गया है।



