Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरमौत का सच जानने के लिए कब्र से निकाली गई लाश

मौत का सच जानने के लिए कब्र से निकाली गई लाश

  • दो महीना पहले मृतक की पट्टीदारों से हुई थी मारपीट
  • डीएम के आदेश पर सिटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस की मौजूदगी में कब्र से निकलवाई लाश
  • मृतक की पुत्री ने पुलिस में सुनवाई न होने पर जिलाधिकारी से लगाई थी न्याय की गुहार

जौनपुर धारा, जौनपुर। पुलिस ने बेटी की शिकायत पर लगभग दो महीना पहले दफन किए गए पिता के शव को कब्र से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके लिए मृतक की पुत्री पुलिस से लेकर कई अधिकारियों के यहां चक्कर काटती रही लेकिन उसको इंसाफ नहीं मिला। आखिरकार शुक्रवार को जिलाधिकारी के आदेश पर सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह द्वारा पुलिस की उपस्थिति में शव को कब्र से खोदकर बाहर निकलवाया गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रिजवी खां मोहल्ला निवासी 50 वर्षीय असलम पुत्र जब्बार का 7 अप्रैल 2023 को पट्टीदारों से विवाद हो गया था। इस दौरान मारपीट में असलम बुरी तरह से घायल हो गया था। जिसका एक सप्ताह तक जिला अस्पताल में उपचार चला और उसके बाद वह घर लाया गया। उसके कुछ दिन बाद असलम अपनी बहन के गाजीपुर स्थित घर मिट्टी में शामिल होने गया था। वहां असलम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आनन फानन में पट्टीदार असलम को लेकर जौनपुर पहुंचे और हमजा चिश्ती स्थित कब्रिस्तान के पास उसको दफना दिया गया। हालांकि मृतक की बेटी का आरोप है कि पट्टीदारों द्वारा असलम को इतनी बुरी तरह से मारा पीटा गया था जिससे उनको गंभीर चोट आई थी इसी से उसकी मौत हुई और बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसको दफना दिया गया। मृतक की पुत्री आसरा ने जावेद, जावेद की पुत्री रोमा, पत्नी मुरकशा और पुत्र आकिब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आसरा का आरोप है की उसने आरोपियों के खिलाफ कई बार कार्यवाही की मांग की लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। कई दिन तक वह पुलिस और अधिकारियों के यहां चक्कर काटती रही लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कुछ दिन बाद पुलिस ने फोन करके आसरा को बुलाया और कहा कि अपना मुकदमा वापस ले लो तुम्हारे पिता की मौत सामान्य मौत है। कहीं इंसाफ ना मिलने पर मृतक की पुत्री इंसाफ के लिए जिलाधिकारी के पास पहुंची और बॉडी का फिर से पोस्टमार्टम कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिसकी जांच के लिए जिलाधिकारी द्वारा सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह को जिम्मेदारी दी गई। शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा पुलिस की उपस्थिति में हमजा चिश्ती दरगाह स्थित कब्रिस्तान से मृतक की लाश को खोदकर बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता लग पाएगा कि असलम की मौत कैसे हुई।