- पकड़ा गया जहीर कुरैशी मड़ियाहूं का टाप टेन अपराधी
- मड़ियाहूं कोतवाली में दर्ज हैं आठ मुकदमे
जौनपुर धारा, जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस ने शनिवार की तड़के चार बजे मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल होने पर जहीर कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। वह मड़ियाहूं कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर व टाप टेन का सूचीबद्ध अपराधी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह अपनी टीम के साथ बेलवां बाजार में गश्त कर रहे थे। मुखबिर ने खबर दी कि मछलीशहर की तरफ से आ रहे सशस्त्र अपराधी मड़ियाहूं में किसी घटना को अंजाम देने वाले हैं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मछलीशहर रोड पर बढ़ी। करीब चार बजे भुभुवार गेट के पास संदिग्ध बाइक सवार तेज गति से आता दिखा। रुकने का संकेत देने पर बाइक मोड़कर भुभुवार गेट की तरफ भागा। करीब सौ मीटर जाने के बाद बाइक सहित गिर गया। गोली चलाते हुए बाइक छोड़कर भागने लगा। सरकारी वाहन सूमो के गेट में कांस्टेबल चालक बाल-बाल बच गया। आत्मसमर्पण की चेतावनी देने पर झाड़ी की आड़ से फिर गोली चलाई जो ओम नारायण सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस ने तब आत्मरक्षार्थ फायरिंग की। इसके बाद दूसरी तरफ से गोली चलनी रुकने पर कराहने की आवाज आई। पुलिस ने घेराबंदी कर पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को पकड़ लिया। मड़ियाहूं के कसाब टोला निवासी गिरफ्तार जहीर कुरैशी उर्फ जहीर के पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, खोखा, लोहा के तीन धारदार चापड़ व रेती बरामद हुई। पुलिस उसे सीएचसी मड़ियाहूं से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले गई। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में एसएसआइ संतोष कुमार शुक्ला, एसआइ संतराम यादव, शिव भंजन प्रसाद, संतोष दुबे, धर्मेंद्र दुबे, हेड कांस्टेबल राम मिलन, दीपचंद्र चौहान, महफूज हाशमी, जितेंद्र देव पांडेय, राज कुमार भारद्वाज, राम आशीष यादव भी रहे। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि गिरफ्तार जहीर कुख्यात अपराधी है। उसके विरुद्ध मड़ियाहूं कोतवाली में हत्या के प्रयास, गैंगेस्टर, गो-वध निवारण, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट आदि धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। आसपास के अन्य जिलों की पुलिस से भी उसकी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी की जा रही है।



