Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरभीषण गर्मी में लोग हो रहे बेहाल, कूलर पंखे भी हुए फेल

भीषण गर्मी में लोग हो रहे बेहाल, कूलर पंखे भी हुए फेल

  • सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा, कारों की एसी भी दे रही जवाब
  • जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही बिजली की अघोषित कटौती

जौनपुर धारा, जौनपुर। जिले में गर्मी का कहर परवान पर है। सुबह होते ही गर्म हवा अपना तेवर दिखाना शुरू कर दे रहा है। बताया जा रहा है कि ऐसी प्रचंड गर्मी पहले नहीं होती थी। भीषण गर्मी के चपेट में आये लोगों को कूलर, पंखा व एसी से भी राहत नहीं मिल रही है। ऐसे में यदि बिजली गुल होती है तो लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हो जा रहे हैं। लोग अब भगवान से बारिश की मन्नत कर रहे हैं।

47 डिग्री सेल्सियस तापमान के चलते दिन ही नहीं बल्कि रातें भी गर्म होने लगी हैं। कूलर-पंखे सहित कारों के एसी भी जवाब दे गए हैं। बिजली उपकरण गर्म होकर विस्फोटक मोड में पंहुच गए हैं। तेज गर्मी होने से आगजनी की घटनाएं घटित होने की संभावना बन रही हैं। नोतपा में सूर्य देव के तेवर लगातार तीखे होने से पशु-पक्षियों पर भी असर दिखाई दे रहा है। हालत यह है कि लोगों का घरों में भी बैठ पाना मुश्किल हो गया है। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को मुश्किल में डाल दिया है। आसमान से अंगारे बरसने के चलते सार्वजनिक स्थलों पर हमेशा दिखने वाली चहल-पहल गायब रह रही है। शाम पांच बजे तक लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। धूप में कामगार व मजदूर भी कार्य करने में आनाकानी कर रहे हैं। खासकर मनरेगा मजदूर सुबह चार बजे से ही अपने कार्य पर आते हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पेयजल की तलाश में जानवर ईधर-उधर भटक रहे हैं। भीषण गर्मी में बिजली की खपत भी बढ रही है। सडकों से निकलती आग की लपटों के तथा गंभीर लू चलने के साथ डिहाईड्रेशन के चांस बढ रहे हैं। ऐसे में लोगों को सूती कपडे पहनने के साथ ही घर से बाहर निकलते समय सिर पर तोलिया, टोपी या छाता जरूर रखना चाहिए।

ग्राहकों के इंतजार में दिन भर बैठे रहते हैं दुकानदार

मौसम की बेरुखी से दोपहर में घरों से निकलना मुश्किल हो जा रहा है। गर्म हवा के थपेड़े भी लोगों को झुलसाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। चिलचिलाती धूप से बचने के लिए लोग तमाम तरह के उपाय कर रहे हैं। सूरज की किरणों के सुबह से ही आग बरसाने की वजह से दोपहर में लोग घरों में दुबकने को विवश हैं। इसका नतीजा यह है कि तीखी धूप से दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। बाजारों में ग्राहकों के न रहने से दुकानदार हाथ पर हाथ धरे बैठे रह रहे हैं। शाम को तापमान में कमी होने पर ही लोग घर से बाहर निकल रहे हैं। मौसम की बेरुखी का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है।

अघोषित बिजली कटौती से भी लोग हैं परेशान

भीषण गर्मी में बिजली की लगातार आंख मिचौनी और अघोषित कटौती अलग सितम ढा रही है। ऐसे में कुछ देर को भी लाइट चली जाए तो असहनीय गर्मी झेलना पड़ रहा है। ऐसे हालात में लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मई का महीना खत्म होते-होते गर्मी अपने पूरे रंग में नजर आने लगी थी। मंगलवार को आसमान से बरसती आग के साथ ही धधकती सड़कों से निकलती गर्मी राहगीरों को दिन भर परेशान करती रही। वैसे तो सड़कों पर कम ही लोग नजर आ रहे थे। लेकिन, जितने भी थे वे अपने चेहरे को पूरी तरह ढंके हुए थे। उधर, बाइक सवारों को गर्म हवा व सामने से पड़ते लू के थपेड़े बहुत परेशान करते रहें हैं। दुकानों पर बैठे दुकानदार भी पंखा चलने के बावजूद पसीना-पसीना नजर आ रहे थे। ऐसा ही हाल घरों में भी रहा। लोग कमरे के अंदर भी गर्मी से परेशान हैं। हालत यह है कि रात को लोगों की नींद भी ठीक से नहीं हो पा रही है।

Share Now...