जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली नहर पुलिया के पास सोमवार रात हुए मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दूसरे गोवंशीय पशु तस्कर सुलतानपुर जिले के अखंड नगर थाना के रामनगर निवासी मोनू उर्फ बलवंत बघेल को भी पुलिस ने मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया।
पैर में गोली लगने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस पर जौनपुर, सुलतानपुर व अंबेडकरनगर में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना के माहुल गांव निवासी मोहम्मद सलमान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह गोधना बाजार के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा करने पर वह भागने लगा। पीछा करते हुए पुलिस टीम सेमरी अंडरपास पुलिया के पास घेर लिया। खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में तस्कर के पैर में गोली लगी, जिसकी पहचान मोनू उर्फ बलवंत बघेल के रूप में हुई। इसके पास से मिले तमंचा, कारतूस व बाइक को पुलिस ने कब्जे में लिया है।



