जौनपुर। मड़ियाहूं क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के बुजुर्गा ग्रामसभा के जौंगीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने दरवाजे की कुंडी काटकर बैटरी और इनवर्टर चोरी कर लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
बताया जाता है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश यादव जब गुरुवार सुबह विद्यालय पहुंचे और दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो देखा कि दरवाजे की कुंडी कटी हुई है। अंदर जाकर देखा तो विद्यालय में रखा बैटरी और इनवर्टर गायब था, जबकि अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त मिला। ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले भी विद्यालय परिसर से समर्सिबल, पानी की टंकी सहित अन्य सामान चोरी हो चुका है। उस समय भी पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन न तो चोरों को पकड़ा जा सका और न ही चोरी गया सामान बरामद हुआ। इससे चोरों के हौसले और बढ़ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में बार-बार चोरी की घटनाएं होने से बच्चों और अभिभावकों में भय का माहौल बन गया है। सरकारी संपत्ति को लगातार नुकसान पहुंचाने की घटनाओं से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है।



