- तमंचे की मुठिया से प्रहार कर किया घायल, मुकदमा दर्ज
- प्रमोद यादव और साथियों पर आरोप, घायल जिला अस्पताल में भर्ती
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह अपराधियों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। दुधौरा चौराहे पर पुरानी रंजिश के चलते दो बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए कट्टे से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली मिस हो गई, लेकिन हमलावरों ने इसके बाद युवक के सिर पर तमंचे की मुठिया से प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समोदीपुर ग्राम निवासी 45वर्षीय लक्ष्मी शंकर यादव पुत्र उमापति यादव गुरुवार सुबह करीब 10बजे दुधौरा चौराहे पर मौजूद थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। इसी दौरान पहुंचे हमलावरों ने लक्ष्मी शंकर पर कट्टे से फायर झोंक दिया। अचानक हुई फायरिंग से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लक्ष्मी शंकर के साथ मौजूद व्यक्ति ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि गोली मिस होने के बाद हमलावरों ने लक्ष्मी शंकर पर हमला कर दिया और तमंचे की मुठिया से उनके सिर पर वार किए। प्रहार से लक्ष्मी शंकर का सिर फट गया और वे खून से लथपथ होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
- प्रमोद यादव और साथियों पर संगीन आरोप
घटना के बाद आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते प्रमोद यादव और उसके साथियों पर इस जानलेवा हमले का आरोप लगाया है।
- पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही गौराबादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले चौराहे पर हुई इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल है।



