Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरपरमहंस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न

परमहंस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न

  • सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के भीलमपुर स्थित परमहंस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। समारोह के मुख्य अतिथि विश्व प्रसिद्ध संत परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के वरिष्ठ शिष्य नारद महाराज रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ किया गया। अपने संबोधन में नारद महाराज ने विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा और अनुशासन का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे चरित्र निर्माण का माध्यम बनना चाहिए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महराजगंज के ब्लॉक प्रमुख विनय सिंह और जौनपुर के कमला हॉस्पिटल के एमडी सर्जन डॉ. संजय सिंह मौजूद रहे। ब्लॉक प्रमुख विनय सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है और विद्यालय इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। वहीं डॉ. संजय सिंह ने छात्रों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों में कला, आत्मविश्वास और ऊर्जा देखकर देश का भविष्य सुरक्षित प्रतीत होता है। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेल, संगीत और नृत्य को भी विद्यार्थियों के विकास के लिए आवश्यक बताया। विद्यालय के प्रबंधक संतोष सिंह और डायरेक्टर डॉ.विनय कुमार सिंह ने कहा कि एक शिक्षित व्यक्ति केवल स्वयं ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और संस्कारों को जीवन में बनाए रखने का आह्वान किया। उत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, लोक नृत्य और सामाजिक संदेशों पर आधारित नाटकों की आकर्षक प्रस्तुति दी। विद्यालय की प्रधानाचार्य रिया सिंह ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। अंत में मेधावी छात्रों को मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित किया गया।