- निर्धन छात्रों को चिन्हित कर की जाए मदद : ज्ञान प्रकाश सिंह
जौनपुर धारा, जौनपुर। सरकार निर्बलों की सहायता के लिए अनेक कार्यक्रमों का संचालन कर रही है। यदि इसमें समाज के लोग भी हाथ बटाने लगे तो कार्यक्रम निश्चित रूप से और अधिक भव्य हो जाएगा। उक्त विचार डीएम अनुज कुमार झा ने जौनपुर पत्रकार संघ द्वारा आयोजित कंबल वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हर्ष की बात है कि जौनपुर पत्रकार संघ मात्र समाचारों के आदान-प्रदान तक ही सीमित न रहकर समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान कर रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी और भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि सक्षम लोगों को समाज सेवा का कार्य अवश्य करना चाहिए। उन्होंने निर्धन छात्रों को उनकी पढ़ाई लिखाई में आर्थिक मदद किए जाने की आवश्यकता पर बोल दिया। इस अवसर पर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में अतिथिगण द्वारा मां शारदा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। आगंतुकों का अभिवादन जौनपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशि मोहन सिंह तथा संचालन महामंत्री ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दुबे, रामदयाल द्विवेदी, जेड हुसैन (बाबू), राजेश मौर्या, विनोद विश्वकर्मा, राजीव पाठक आदि लोग उपस्थित रहे।



