- महंगाई और गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को लेकर कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष ने भाजपा को घेरा
- 16 मार्च को मुंगराबादशाहपुर ब्लॉक मुख्यालय पर होगा विशाल प्रदर्शन और घेराव
मुंगराबादशाहपुर। कोदहूँ स्थित जिला कार्यालय पर शुक्रवार को महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रेखा सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की किल्लत को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रेखा सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जब गैस सिलेंडर मात्र 500 रुपये में मिलता था, तब भाजपा के बड़े नेता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करते थे। आज महंगाई चरम पर है और रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। कालाबाजारी के कारण जनता को 1500 से 2000 रुपये तक में भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। ऐसी जनविरोधी और भ्रष्ट सरकार को नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। ‘रेखा सिंह ने बताया कि महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के आह्वान पर महंगाई, बेरोजगारी और गैस की कालाबाजारी के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। इसी क्रम में 16 मार्च, सोमवार को मुंगराबादशाहपुर ब्लॉक कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में पहुंचने की अपील की।



