- जगह-जगह लगा कूड़ों का अम्बार, फैल रही बिमारी
जौनपुर धारा, जौनपुर। दूसरों को स्वच्छता का पाठ पढाने वाली नगर पालिका परिषद के वार्डों में गंदगी का ढेर लगा हुआ है। जो स्वच्छ भारत अभियान को मुंह चिढ़ाता नजर आता है। हालांकि इन दिनों जिले के नये डीएम राfवन्द्र कुमार माँडद ने आते ही पहले स्वच्छता की ओर ध्यान आकर्षित किया और लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर कर्मचारियों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाने में लगे हुए है। बावजूद इसके नगर की व्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रहीं है।

एक तरफ जहां केंद्र व प्रदेश सरकार के द्वारा स्वच्छ भारत अभियान नारे के तहत विभिन्न सामाजिक संगठनों और अधिकारियों की ओर से सफाई कार्य जोरों पर प्रचार चल रहा है। वहीं नगर के गली-मोहल्लों और सरकारी कार्यालयों के पास कचरे के ढ़ेर देखने को मिल रहे हैं। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई का बहुत बुरा हाल है। नगर पालिका प्रशासन सफाई के जितने भी दावे कर ले, लेकिन वार्डों मे फैली गंदगी कुछ और ही हकीकत बयां कर रही हैं। नगर पालिका के दिलाजाक पठान टोला वार्ड में कई स्थानों पर कचरे का ढेर लगा हुआ है। जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। साथ ही गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।

गंदगी एवं कचरे के ढ़ेर को देखकर ऐसा लग रहा है कि सफाई कर्मचारी भूलकर भी कभी इस मोहल्ले में नहीं आते हैं। नगर पालिका द्वारा नगर की सफाई व्यवस्था पर सलाना लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी नगर के उक्त वार्ड में सफाई की व्यवस्था चरमरा गई है। वार्ड के निवासी रिजवान ने बताया कि वार्ड में गंदगी का अम्बार लगा रहता है। सफाई कर्मचारी महीनों में कभी-कभार दिखाई देते हैं। मानिक चौक के हीरालाल सेठ ने बताया कि महिनों में कभी ही नालियों की सफाई की जाती है और बाकी समय बजबजाता रहता है वहीं झाड़ू लगाने वाले कर्मचारी भी मनमानी करतें रहतें है। जिससे क्षेत्र में रोग जनित मच्छड़ों का आतंक भी लगातार बढ़ ही रहा है। नगर पालिका के अधिकारी जिनको सफाई का जिम्मा मिला है वे पता नहीं कहां सफाई कराते घूमते हैं। शहर के अंदर वार्डों में साफ-सफाई का आलम बदतर हो गया है। लोग बार-बार कहकर थक चुके हैं पर नगर पालिका के अधिकारी इस ओर ध्यान ही नहीं दे रहे हैं।