- प्रशासन के उदासीन रवैये से संचालकों को मिल रहा बल
शैलेष नाग
जौनपुर धारा,शाहगंज। बीते सोमवार को नाबालिग किशोरी के साथ होटल में सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया। सवाल यह उठता है नगर के कुछ होटलों में अवैध देह व्यापार की खबरें अक्सर मिलती रहती है, लेकिन प्रशासनिक कार्यवाही उन क्यों नहीं की जाती है ? एकाध बार तो पुलिस ने छापेमारी कर धर पकड़ भी किया, परन्तु उसमें भी लीपापोती होकर कोरम पूर्ति तक ही बात रह गयी।
बताया जाता है की इन होटलों में आन काल लड़कियों को बुलाया जाता है और फिर ग्राहकों को बिना किसी आईडी के होटल में रूम मुहैया करा दिया जाता है, तथा इन सब के बदले ग्राहकों से मुंह मांगे पैसे वसूल किए जाते हैं। जबकि शासन-प्रशासन का सख्त आदेश है कि बिना वैध आईडी के किसी को भी होटल का रूम में प्रवेश ना दिया जाए। इसके बावजूद यह तथाकथित होटल संचालक प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर तमाम अनैतिक कार्य कर रहे हैं, तथा इनको शासन का जरा भी खौफ नहीं है। इतना सब होने के बाद जब आम आदमी तक इन सब बातों को जान जाता है तो सवाल उठना लाज़मी है, कि प्रशासन को इसकी भनक क्यों नही लगती है? और भनक लगती भी है तो अवैध देह व्यापार में लिप्त इन तथाकथित होटल संचालकों पर कार्यवाई क्यों नही होती है। किसकी शह पर यह होटल संचालक अवैध देह व्यापार जैसी खतरनाक गतिविधियों को अंजाम देते हैं।


