जौनपुर धारा, जौनपुर। खेतासराय नगर में मंगलवार की रात्रि दो सगे भाइयों की चाकू घोंपकर हत्या कर भाग गए छह आरोपितों को पुलिस ने पांच घंटे के अंदर मनेछा में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इनमें से तीन पैरों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपितों के पास से तीन तमंचे, तीन खोखा व जिंदा तीन कारतूस और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ है।
खेतासराय में बभनौटी वार्ड निवासी अजय कुमार प्रजापति व उसका छोटा भाई अंकित कुमार प्रजापति खुटहन रोड पर घर से कुछ दूरी पर चाउमिन की दुकान चलाते थे। इसी वार्ड के सभासद अमित सोनकर की बहन व नाटे बिंद की पुत्री की शादी के लिए बरात बारात आई थी। कुछ बाराती चाउमिन की दुकान पर रात करीब साढ़े आठ बजे पहुंचकर शराब पीने लगे। मना करने पर कहासुनी के दौरान चाकू से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला अस्पताल में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपितों के विरुद्ध बलवा, हत्या व गाली-गलौच की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एसपी डा.अजय पाल शर्मा ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दीं। टीमें ताबड़तोड़ छापेमारी करने लग गयीं। इसी दौरान सुराग मिला कि नामजद आरोपित मनेछा में मंदिर के पीछे मौजूद हैं। पुलिस टीम के घेराबंदी कर आत्मसमर्पण के लिए कहने पर गोलियां चलाने लगे। तब पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली का जवाब गोली से दिया। मुकेश बिंद, नीशू बिंद व सतीश बिंद पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। तीन अन्य आरोपितों विवेक बिंद, जगदीश उर्फ रामसिंह बिंद व अमरजीत बिंद को भी पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। घायलों को पुलिस उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गई। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में शाहगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आदेश त्यागी, थानाध्यक्ष खुटहन अरविंद कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सरपतहां विनोद कुमार सिंह, थानाध्यक्ष खेतासराय चंदन राय, एसआइ विजय शंकर यादव, महंगू यादव व उनके सहयोगी पुलिस कर्मी शामिल रहे।