- न्यायालय ने जारी की उद्घोषणा, संपत्ति कुर्की की चेतावनी
मुगराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम मझगवां (चन्दौकी) में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इस सनसनीखेज मामले में दो अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। बताते चलें कि 14 सितंबर को थाना मुगराबादशाहपुर में पंजीकृत मु.अ.सं. 227/2025, धारा103(1), 61(2) बीएनएस के तहत जहाँगीर पुत्र मो.रमजान एवं शाहजहाँ पुत्र मो.रमजान की हत्या कर दी गई थी। मामले में संलिप्त अभियुक्त शहजाद पुत्र मो.सत्तार, निवासी ग्राम मझगवां चन्दौकी, थाना मुगराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर तथा मो.असलम पुत्र मो.सत्तार, निवासी कल्याणपुर थाना हीरापुर, जनपद वर्धमान (पश्चिम बंगाल), हाल पता ग्राम मझगवां चन्दौकी, थाना मुगराबादशाहपुर लगातार गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे हैं। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर न्यायालय ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी करने के बाद अब धारा 84बीएनएसएस के अंतर्गत उद्घोषणा की कार्रवाई शुरू कर दी है। यदि अभियुक्त निर्धारित समय सीमा में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनकी चल-अचल संपत्ति कुर्क की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को उनके संबंध में कोई भी सूचना प्राप्त हो, तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति को पुलिस विभाग की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव का आगे कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


