- खुटहन के पिलकिछा में नवनिवाहिता सेजल की मौत का मामला
जौनपुर धारा,खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पिलकिछा में गुरुवार की रात नव विवाहिता 21वर्षीय सेजल शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके बेडरूम में पंखे के हुक में साड़ी से फंदे से लटका मिला था। इस सम्बंध में दर्ज दहेज हत्या के मुकदमे में छह नामजद आरोपितों में तीन पति, ससुर व जेठ को शनिवार को थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक मुन्ना राम धुसिया की टीम ने मिले सुराग पर वांछित आरोपितों ससुर भवानी प्रसाद शर्मा, पति शैलेश शर्मा व जेठ अभिषेक शर्मा को सुबह छह बजे पिलकिछा तिराहा पर घेराबंदी कर धर दबोचा। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया तीनों कहीं भागने की फिराक में वाहन की प्रतीक्षा कर रहे थे। आवश्यक लिखापढ़ी कर आरोपितों का चालान कर दिया गया। तीन अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। विदित हो कि चंदौली जिले के थाना अली नगर निवासी संजय शर्मा की पुत्री सेजल शर्मा की शादी पिलकिछा निवासी शैलेश शर्मा के साथ गत आठ मार्च को हुई थी। ससुराल में पहली होली न मनाने की परंपरा के अनुसार 12 मार्च को सेजल विदा होकर मायके चली गई थी। गत 14 अप्रैल को मायके से ससुराल आई थी। पुत्री की मौत की खबर लगने पर आए संजय शर्मा ने थाने में तहरीर देकर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए ससुर भवानी प्रसाद, पति शैलेश, जेठ दुर्गेश, अभिषेक, विनीत व जेठानी रुचि शर्मा, तृशा व निशा शर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था।