― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरतिलकधारी हत्याकाण्ड में चार के विरूद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही

तिलकधारी हत्याकाण्ड में चार के विरूद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही

जौनपुर धारा, जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने हास्पिटल संचालक डॉ.तिलकधारी पटेल हत्याकांड के चार आरोपितों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। निरुद्ध किए गए आरोपितों में बरसठी के गनेशपुर निवासी मंगेश यादव, बक्शा के खशहूपुर निवासी अनुज यादव, जलालपुर के लालपुर निवासी महेश सोनकर व मुख्य साजिशकर्ता सुरेरी के कसेरू पूरे दयाल का किशन सिंह है। सीओ केराकत प्रतिमा वर्मा ने बताया मंगेश यादव पर लूट, हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, एससी-एसटी, आर्म्स एक्ट आदि संगीन धाराओं में 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से एक मुकदमा महाराष्ट्र के थाणे के बांद्रा में दर्ज है। महेश सोनकर के विरुद्ध पांच, अनुज यादव के विरुद्ध चार जबकि किशन सिंह पर दो मुकदमे दर्ज हैं। मालूम हो कि किशन सिंह व डॉ.तिलकधारी पटेल ने चार वर्ष पूर्व मिलकर जलालपुर में कृष्णा बाल केयर चिकित्सालय खोला था। कुछ दिन बाद विवाद होने पर डॉ.तिलकधारी पटेल ने जलालपुर में ही अपना अलग से साईं बाल चिकित्सालय खोल लिया, जो काफी तेजी से चल गया। दूसरी तरफ किशन सिंह के अस्पताल में कम मरीज आने लगे। आरोप है कि इसी प्रतिद्वंद्विता को लेकर किशन सिंह ने साजिश रचकर शूटरों महेश सोनकर, मंगेश यादव व अनुज यादव को डा.तिलकधारी पटेल की हत्या की सुपारी दे दी थी। इसी साजिश के तहत हास्पिटल में सोते समय डॉ.तिलकधारी पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

Share Now...