Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर जिलाधिकारी सख्त

विभागों को दिए सख्त निर्देशजौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में स्वास्थ्य शासी निकाय, संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक...
Homeअपना जौनपुरजौनपुर: किसानों से लेकर सड़क हादसे और अपराध तक, 26–27 मार्च की...

जौनपुर: किसानों से लेकर सड़क हादसे और अपराध तक, 26–27 मार्च की बड़ी खबरें

फसल नुकसान की सूचना के लिए किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर करें संपर्क

जौनपुर। उप कृषि निदेशक ने बताया कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और चक्रवात से प्रभावित बीमित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत फसल क्षति की सूचना देने के लिए विभिन्न डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने बताया कि किसान फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर दे सकते हैं। इसके अलावा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप और व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 7065514447 के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा सकती है। योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए किसान पोर्टल पर भी लॉगिन कर सकते हैं। यदि किसानों को फसल बीमा से संबंधित किसी प्रकार की समस्या होती है तो वे अपने जनपद के उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही जनपद में कार्यरत एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। सरकार का उद्देश्य इन माध्यमों के जरिए आपदा की स्थिति में किसानों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना और बीमा प्रक्रिया को सरल बनाना है।

बिना जांच के विद्युत लोड बढ़ाने का आरोप, पीड़ित ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

जौनपुर। गौराबादशाहपुर क्षेत्र के ग्राम पाण्डेय पट्टी, पोस्ट इमलों निवासी एक उपभोक्ता ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि विभाग ने बिना भौतिक सत्यापन किए ही उसके घरेलू विद्युत कनेक्शन का लोड बढ़ा दिया, जिससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्राम पाण्डेय पट्टी निवासी खरपत्तू बिन्द पुत्र रामदिहाल ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने विद्युत विभाग से 3 किलोवाट का घरेलू कनेक्शन लिया था। उनके घर पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल और स्मार्ट मीटर भी लगा हुआ है। आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित एसडीओ और जेई ने बिना परिसर का निरीक्षण किए ही मनमाने ढंग से उनके कनेक्शन का लोड 3 किलोवाट से बढ़ाकर 5 किलोवाट कर दिया। पीड़ित ने इस संबंध में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और संबंधित अधिकारियों को लिखित पत्र भी दिया, लेकिन बिना मौके का मुआयना किए ही शिकायत का निस्तारण कर दिया गया। खरपत्तू बिन्द का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी जौनपुर और अधिशासी अभियंता से भी की थी। अधिशासी अभियंता के निर्देश पर हुई जांच में जांच अधिकारी ने मौके पर 3 किलोवाट बिजली खपत ही पाई, लेकिन इसके बावजूद कागजों में अभी भी 5 किलोवाट लोड दर्ज है और मीटर में कोई सुधार नहीं किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि विभाग की इस लापरवाही और मनमानी के कारण उन्हें अधिक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उनके विद्युत कनेक्शन का लोड पुन: 3 किलोवाट किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो घायल, हालत गंभीर

जौनपुर। जौनपुर-केराकत हाईवे स्थित प्रसाद तिराहे के पास शुक्रवार की शाम एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार जफराबाद थाना क्षेत्र के सम्मोपुर कला गांव निवासी प्रदीप यादव (28)अपने भतीजे अंश यादव(13) के साथ शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे बाइक से किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चौकियां धाम जा रहे थे। इसी दौरान जौनपुर-केराकत हाईवे पर प्रसाद तिराहे के पास विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक चला रहे प्रदीप यादव के सिर में गंभीर चोट लग गई, जबकि अंश यादव भी घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां प्रदीप की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि यदि घायलों के परिजनों द्वारा कोई प्रार्थना पत्र दिया जाता है तो अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घर में घुसकर महिला से मारपीट, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खुटहन। थाना क्षेत्र के धमौर खास गांव में घर में घुसकर एक महिला से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी साफिया खातून ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि गांव के ही आलिम, अजीज और अली अहमद पूर्व रंजिश के चलते उन्हें काफी समय से परेशान कर रहे थे। आरोप है कि 26 मार्च की दोपहर तीनों आरोपी उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। पीड़िता के अनुसार, जब वह भयभीत होकर घर के अंदर चली गईं तो तीनों आरोपित जबरन घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान उन्हें कई जगह चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो तीनों आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की नामजद तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ऑनलाइन भैंस खरीदना पड़ा भारी, युवक को बंधक बनाकर पीटा

  • अश्लील वीडियो बनाकर वसूले लाखों

जौनपुर। जिले में ऑनलाइन ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ‘एनिमल ऐपÓ पर भैंस खरीदने के चक्कर में प्रयागराज के एक युवक को जौनपुर बुलाकर बदमाशों ने बंधक बना लिया। आरोप है कि उसे पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया, नग्न कर अश्लील वीडियो बनाया गया और ब्लैकमेल कर करीब दो लाख रुपये वसूल लिए गए। पुलिस ने सात अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार प्रयागराज जिले के सोरांव थाना क्षेत्र के नगदिलपुर निवासी मोहम्मद नौशाद पशुपालन का कार्य करते हैं। उन्होंने ‘एनिमल ऐपÓ पर भैंस बिक्री का एक आकर्षक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर बदमाशों ने कम कीमत में अच्छी नस्ल की भैंस देने का झांसा दिया और सौदा पक्का करने के लिए 25 मार्च को जौनपुर के नौपड़वा क्षेत्र में बुलाया। बताया जाता है कि मौके पर पहुंचने पर एक युवक बाइक से उन्हें भैंस दिखाने के बहाने मुख्य मार्ग से दूर नदी किनारे सुनसान स्थान पर ले गया, जहां पहले से छह बदमाश मौजूद थे। वहां पहुंचते ही बदमाशों ने नौशाद को पकड़ लिया, रस्सी से पेड़ में बांध दिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान उनकी जेब में रखे 93 हजार रुपये नकद भी छीन लिए। इसके बाद बदमाशों ने पीड़ित को निर्वस्त्र कर उसका अश्लील वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगे। बदमाशों ने पीड़ित के फोन से ही उसके परिजनों को कॉल कर वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जिससे घबराकर परिवार ने उनके बताए खाते में एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित ने सिकरारा थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सात अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सर्विलांस टीम कॉल डिटेल और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

प्रीपेड मीटर व्यवस्था से उपभोक्ता परेशान, 14,632 कनेक्शन कटे

जौनपुर। जनपद में बिजली चोरी रोकने और बकाया वसूली को लेकर विद्युत विभाग द्वारा लागू की गई प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। जानकारी के अभाव और तकनीकी खामियों के बीच पिछले एक महीने में ही 14,632 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार इनमें से अब तक 7,180 उपभोक्ताओं ने रिचार्ज कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई है, जबकि हजारों परिवार अभी भी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। जनपद में स्मार्ट मीटर लगाने की जिम्मेदारी जीएमआर कंपनी को दी गई है। विभाग का कहना है कि किलोवाट के आधार पर बकाया होने पर कार्रवाई की जा रही है। गाइडलाइन के अनुसार दो किलोवाट के कनेक्शन पर 5,000 रुपये से अधिक बकाया होने पर कनेक्शन काटा जाता है और इसकी सूचना उपभोक्ता को मैसेज के माध्यम से दी जाती है। हालांकि कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि एक हजार से ढाई हजार रुपये बकाया होने पर भी बिना सूचना के कनेक्शन काट दिए गए। गौराबादशाहपुर क्षेत्र के पांडेयपट्टी निवासी खरपत्तू बिंद ने आरोप लगाया कि उनके तीन किलोवाट के कनेक्शन को बिना निरीक्षण पांच किलोवाट दर्ज कर दिया गया। वहीं नईगंज निवासी फतेह बहादुर यादव ने बताया कि 2,934 रुपये बकाया होने पर उनका कनेक्शन काट दिया गया। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार ने कहा कि बकाया होने पर ही कनेक्शन काटे जा रहे हैं और उपभोक्ताओं को मैसेज के जरिए सूचना दी जाती है। उन्होंने कहा कि लोड और अधिक बिलिंग से जुड़ी शिकायतों की जांच कराई जाएगी।

ट्रैक्टर खरीदकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, गांव में शोक

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के शेखाही उसरिया गांव निवासी एक युवक की ट्रैक्टर खरीदकर घर लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय नंद किशोर यादव पुत्र राम मिलन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह शुक्रवार को अपने भाइयों मुलायम, अनुराग और एक अन्य साथी के साथ रामनवमी के अवसर पर ट्रैक्टर खरीदने अयोध्या गए थे। ट्रैक्टर खरीदने के बाद सभी लोग वापस घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नंद किशोर के भाई थार गाड़ी से आगे निकल गए थे, जबकि नंद किशोर ट्रैक्टर के साथ पीछे आ रहे थे। ट्रैक्टर को उनके साथ गया एक युवक चला रहा था। देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दोस्तपुर क्षेत्र में ओवरटेक के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे नंद किशोर नीचे गिर गए और ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही उनके भाई मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए शाहगंज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही नंद किशोर ने दम तोड़ दिया। शनिवार को उनका शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी निशा, मां निर्मला, दो बेटियां अन्या (12), श्रेया (10) और पुत्र दक्ष (5) को छोड़ गए हैं। परिजनों ने शनिवार को ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

शौच के लिए गई किशोरी से चार युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, तीन हिरासत में

जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए घर से बाहर गई एक नाबालिग किशोरी के साथ चार नकाबपोश युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 26 मार्च की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार किशोरी घर के पास शौच के लिए गई थी। इसी दौरान चार युवक उसे जबरन उठाकर घर से लगभग 500 मीटर दूर गेहूं के खेत में ले गए। आरोप है कि वहां आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी की हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे खेत में ही छोड़कर फरार हो गए। काफी देर तक किशोरी के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान किशोरी घर से करीब 500 मीटर दूर गेहूं के खेत में गंभीर अवस्था में पड़ी मिली। परिजन उसे घर लाकर उसका उपचार कराने लगे। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने किशोरी को धमकी दी थी कि यदि उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। आरोपियों के डर से परिजन तीन दिन तक घटना की जानकारी किसी को नहीं दे सके। बाद में जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने परिजनों को हिम्मत देते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद शुक्रवार की शाम परिजन पीड़िता को लेकर मड़ियाहूं कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share Now...