खुटहन। थाना पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर स्कूल आ-जा रही छात्राओं व राह चलती युवतियों से छेड़खानी कर रहें शोहदे को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय ने बताया सुराग मिला कि ग्राम विकास इंटर कालेज गेट से लगभग 100मीटर दूर पट्टी नरेंद्रपुर मार्ग पर खड़ा एक युवक आने-जाने वाली छात्राओं व युवतियों पर अश्लील फब्तियां कसने के साथ ही छेड़खानी कर रहा है। एंटी रोमियो दस्ते के एसआइ अशोक कुमार ने कांस्टेबल रवि कुमार व महिला आरक्षी पूनम कुमारी के साथ पहुंचकर खेतासराय थाना क्षेत्र के गरोठन गांव निवासी आरोपित मुरली यादव उर्फ ज्ञानचंद को गिरफ्तार कर लिया। छेड़खानी की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपित का चालान कर दिया।
धूमधाम से निकाली गई खाटू श्याम की शोभायात्रा
जौनपुर। श्रीश्याम महोत्सव का 25वां वार्षिकोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। श्रीश्याम ध्वजा शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम से नवदुर्गा मंदिर सद्भावना पुल से शाम 4बजे निकाली गयी। जिसमें शीशदानी खाटू श्याम बाबा की रथ पर सवार शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए सब्जी मंडी, सुतहट्टी बाज़ार से होते हुए अहियापुर स्थित श्रीराम जानकी सांई मंदिर में पहुंच कर भक्ति भावना में ओत प्रोत होकर जयकारे में तब्दील हो गयी। बाबा का भव्य श्रृंगार कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा किया गया था। ध्वज यात्रा में 251 महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल होकर यात्रा का शोभा बढ़ाते हुये चल रहे थे। घर की छतों से महिलाऐं और पुरुष शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर लोगों का उत्साह बढ़ा रहे थे। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाये गये थे। शोभायात्रा में कानपुर और कोलकाता से आए हुये कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज से शोभायात्रा में चार चांद लगा दिये। शोभायात्रा में शामिल कलाकारों का भजन, हाथी, घोड़ा, ऊंट के साथ-साथ रथ और डीजे की धुन से पूरे शहर को वृंदावन बना दिया। हाथी, घोड़ा, डीजे, रथ, बग्घी, बैंड बाजा, ढोल नगाड़ा से सुसज्जित शोभायात्रा नवदुर्गा मंदिर सद्भावना पुल से चलकर नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए ओलंदगंज, चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा, सब्जी मंडी, सुतहट्टी बाज़ार, अहियापुर स्थित राम जानकी सांई मंदिर पहुंच कर श्रीखाटू श्याम बाबा की आरती के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में शोभा यात्रा में शामिल हुए सभी भक्तजनों और शोभायात्रा में अपना योगदान देने वालो का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत, कोहराम
जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र में सारी मोड़ के पास शुक्रवार देर शाम क्षेत्र का गंगौली गांव निवासी एक युवक ने बाइक की तेज रफ्तार के कारण मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गंगौली गांव निवासी अनिल कुमार बिंद का बाइक सवार चौबीस वर्षीय बेटा संतोष बिंद तेज रफ्तार में घर वापसी कर रहा था। वह सारी मोड़ के पास पहुंचा ही था कि पहले से खड़ी एक पिकप में अनियंत्रित होकर जा टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया। चोट उसके दोनों पैर और सिर में आई। उधर घटना के बाद पिकप चालक मौके से पिकप लेकर भाग निकला। बहरहाल मौके पर लोगों का जमावड़ा होने के साथ ही पुलिस के लोग भी पहुंच गए और एंबुलेंस बुलवा कर आनन-फानन में उसे स्थानीय सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के दौरान युवक की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शाहगंज उपचार हेतु जाते समय युवक की मौत हो गई। इधर मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता के तीन संतानों में सबसे छोटा था। इससे बड़ा एक भाई और एक बहन है। सबसे छोटा होने के कारण मां सुशीला समेत सभी का दुलारा था, बेटे के मौत की खबर पाते ही उसका रो रोकर बुरा हाल है।हालांकि परिजन बगैर किसी कानूनी दखलंदाज़ी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते थे।


