जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत अलग-अलग गांव से न्यायालय में चल रहे मुकदमे में हाजिर न होने पर न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपितों को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया। पखनपुर गांव निवासी दुर्गा पुत्र जेठू यादव, संगला प्रसाद पुत्र कालिका यादव, हुसेनाबाद गांव निवासी हेमंत कुमार पुत्र राम प्रताप व पूर्वी कौड़िया मोहल्ला निवासी संजय जायसवाल पुत्र स्व. नन्दलाल को न्यायालय में चल रहे मुकदमे में हाजिर न होने पर न्यायालय के आदेश पर कोतवाली निरीक्षक सदानंद राय ने मयफोर्स के साथ शुक्रवार को सभी आरोपितों के घर पर दबिश दे गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया गया।
- वारंटी गिरफ्तार
जौनपुर धारा, पवांरा। पुलिस अधीक्षक डा.अजय पाल शर्मा के आदेश के अनुपालन में चलाये जा रहे अभियान के तहत वसूली वारंटी अभिजीत यादव पुत्र जीतलाल यादव निवासी रामपुर सवाई थाना पवांरा को थानाध्यक्ष राज नरायन चौरसिया, उपनिरीक्षक मंजय यादव ने पुलिसटीम के साथ शुक्रवार की सुबह उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
- हादसे में बाइक सवार युवक घायल
जौनपुर धारा, बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के रैभानीपुर ग्राम निवासी एक बाइक सवार युवक निलेश शर्मा भलुआही रेलवे क्रासिंग के समीप स्थित एक स्कूल के पास बच्चे को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां डाक्टर द्वारा बेहतर उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।



