जौनपुर धारा,जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चोरसंड गांव में शुक्रवार की शाम एक मामूली घटना ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में बकरी चले जाने को लेकर शुरू हुए विवाद ने एक परिवार को असहनीय पीड़ा और गंभीर चोटों के साथ छोड़ दिया। घटना में पीड़ित पिता-पुत्री को दबंगों द्वारा बेरहमी से पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। चोरसंड गांव निवासी महेंद्र गौतम ने आरोप लगाया कि उनकी बकरी गलती से पट्टीदार सुरेंद्र के खेत में चली गई। इसके बाद सुरेंद्र और उनके तीन बेटों ने महेंद्र के घर आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। महेंद्र के विरोध करने पर सुरेंद्र और उसके बेटों ने छ: अन्य अज्ञात युवकों को बुला लिया। इन सभी ने मिलकर महेंद्र और उनकी शादीशुदा बेटी राधिका, जो बच्चों की छुट्टियों पर मायके आई हुई थी, को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटा। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के अन्य सदस्यों ने घायलों को तुरंत जौनपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए तो यह विवाद और गहरा सकता है। घटना ने स्थानीय निवासियों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और घायलों के लिए न्याय की मांग की है। स्थानीय समाजसेवियों और संगठनों ने भी इस घटना की निंदा की है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
― Advertisement ―
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के बंजारी गांव में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने टीनशेड में लगे बल्ली के कड़ी में...
खेत में बकरी चरने का विवाद पर बढ़ी हिंसा, पिता-पुत्री की बेरहमी से हुई पिटाई
