- किशोरी को सर्प ने काटा
जौनपुर धारा, जफराबाद। जलालपुर थाना क्षेत्र के वीरभानपुर गांव में रविवार की रात एक किशोरी को सर्प ने डंस लिया। सर्प डसने से घबराई किशोरी बेहोश हो गयी। उक्त गांव निवासी निवासी ग्राम प्रधान मंजू देवी पत्नी रामा प्रसाद की 18 वर्षीय पुत्री रात को लगभग 10 बजे हैंडपंप से पानी लेने गयी थी। हैंडपंप के पास ही उसे सांप ने पैर की उंगली में काट लिया। परिजन उसे तत्काल जिला मुख्यालय के एक निजी नर्सिंग होम ले गए जहां उसका उपचार चल रहा था। अब वह खतरे से बाहर है।
- प्लास्टिक न प्रयोग करने की दिलाई गई शपथ
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। सोमवार को नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह की उपस्थिति में अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग प्रâी दिवस के मौके पर प्रतिबंधित प्लास्टिक का न प्रयोग करने के लिए रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नगरवासियों से अपील की गई है कि प्लास्टिक का उपयोग ना करे, नगर पंचायत के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय पर बच्चों को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में डॉ. अनुपम सिंह द्वारा जानकारी दी गयी। प्लास्टिक इस्तेमाल न करने हेतु शपथ दिलाई गई। बच्चों में बैग वितरण किया गया। बच्चों ने नगर पंचायत द्वारा बनाई गई सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी ली। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य कमलेश प्रजापति, अजीत कुमार, विकास सेठ आदि मौजूद रहे।
- हाई टेंशन तार की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी की मौत
जौनपुर धारा, सुइथाकला। स्थानीय सीएचसी गेट के सामने गुजरे हाई टेंशन तार की चपेट में आकर गला कटने से सोमवार सुबह राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे पशु पालन विभाग के लोग उसे अपने साथ ले गए।
बताया जाता है कि रविवार सुबह उक्त पक्षी उड़ते हुए अचानक गुजर रहा था, उसी समय वह सीएचसी गेट के सामने से गुजर रहे हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया और घायल होकर नीचे जमीन पर गिर गया। इसकी सूचना सीएचसी कर्मियों द्वारा पशु पालन विभाग को दी गई। सूचना पाकर पशु चिकित्सा अधिकारी डा. अतुल कुमार और फार्मासिस्ट अरविंद जब मौके पर पहुंचे तो मोर की मौत हो चुकी थी। मोर का गला तार की चपेट में आने से कट गया था। फिलहाल मोर को ले जाकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ दफन कर दिया गया।
- टॉवर पर युवक के आत्महत्या करने की सूचना पर हलकान रही पुलिस
जौनपुर धारा, चंदवक। स्थानीय क्षेत्र के जमुआ गांव में एयरटेल के टॉवर पर चढ़कर युवक के आत्महत्या कर लेने की सूचना पर पुलिस रात भर हलकान रही। भेर में उसके टॉवर से उतर कर भागने के दौरान पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर नशेड़ी होने का पता चला तो पुलिस ने राहत की सांस ली।
रविवार देर शाम एक युवक मरणासन्न हालत में जमुआ गांव स्थित एयरटेल टावर पर ऊपर पड़ा था। ग्रामीणों ने देखा तो आत्महत्या करने की आशंका हुई। ऐसी जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची तो रात होने व टॉवर के नीचे झाड़ झंखाड़ के कारण ऊपर चढ़ने में समस्या समझ में आयी तो पुलिस ने टॉवर के पास सुबह होने तक पहरा लगा दिया। सिपाही पहरे पर थे इसी बीच भेर में युवक धीरे से उतरकर भागने की कोशिश की तो सिपाहियों ने पकड़ लिया और थाने लाए। पूछताछ में युवक नशेड़ी निकला व अपना नाम विक्की पुत्र अवधेश राम निवासी जमुआ बताया। उसके अनुसार उसने गांजा ज्यादा पी लिया था। घर पर विवाद होने पर टॉवर पर चढ़ गया। अत्यधिक नशे के कारण उसे नींद आ गई थी। पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।
- विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के तहत गोष्ठी आयोजित
जौनपुर धारा, खेतासराय। पशु चिकित्साधिकारी सोंधी डॉक्टर विपिन कुमार की देख रेख में सोमवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एव दस्तक अभियान के अंतर्गत एक बैठक का आयोजन चिकित्सालय प्रांगण में किया गया जिसमें संचारी अभियान के दौरान गांव में पशुओं के मूत्र के द्वारा फैलने वाली बीमारी, शूकर पशुपालकों को अन्य व्यवसाय जैसे पोल्ट्री उद्योग हेतु प्रेरित करना, सूकर पालन स्थल पर वेक्टर नियंत्रण एवं सर्विलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करना, यथासंभव सुकर पालकों को मनुष्य की आबादी से दूर स्थापित करना, साफ-सफाई कीटनाशक छिड़काव एवं मच्छर रोधी जाली से ढकने हेतु जानकारी देना, सभी प्रकार के पशु पालकों को स्वच्छता कचरा निस्तारण के विषय में समुदाय को जागरूक करने के विषय में बताया गया। साथ ही मोबाइल पशुचिकित्सा के माध्यम से मानीकला में पशुओं का टीकाकरण किया गया। इस कार्यक्रम में डीएमसी अवधेश कुमार तिवारी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर पशु चिकित्सा विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
- सदस्य बार कौंसिल का हुआ स्वागत
जौनपुर धारा, मछलीशहर। अधिवक्ता सभागार में सोमवार को आयोजित स्वागत समारोह में अधिवक्ताओं नें सदस्य एवं सह अध्यक्ष राज्य विधिक परिषद उ.प्र. अनुराग पाण्डेय का स्वागत किया। इस अवसर पर अपने बिचार व्यक्त करते हुये बार कौंसिल आफ उ.प्र. के सदस्य ने कहा कि यहां के अधिवक्ताओं ने प्यार और स्नेह हमेशा मुझे दिया है उनके हितों की लड़ाई में नि:स्वार्थ भाव से सदैव तत्पर रहूंगा। अधिवक्ताओं के मान सम्मान की सुरक्षा करूंगा। शासन व बार कौंसिल से मिलने वाली सभी सुविधाओं को अवश्य दिलाऊँगा। अधिवक्ताओं ने जूनियर अधिवक्ताओं के लिये स्टाइपेंड व कोरोना काल में कोरोना व अन्य बीमारियों से ग्रसित अधिवक्ताओं को सुविधा दिलाने की बात कही तो कहा कि अधिकांश अधिवक्ताओं को लाभ मिल चुका है और शेष को दिलाने के लिये धन स्वीकृत कराने के लिये प्रयासरत हूं। श्री पांडेय नें लाइब्रेरी के लिये 50 हजार रुपये जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री बनवारी राम मौर्य ने किया। स्वागत समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश चंद्र सिन्हा, केदार नाथ यादव, जगदंबा प्रसाद मिश्रा, अशोक श्रीवास्तव, अजय सिंह, सुशील श्रीवास्तव सहित सभी अधिवक्ता उपस्थित थे।
- आरपीएफ पुलिस ने तीन किशोरों को चाइल्ड केयर भेजा
जौनपुर धारा, शाहगंज। रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए तीन किशोरों को रेलवे सुरक्षा बल ने बाल सुधार गृह भेज दिया। तीनों घर से भाग कर दून एक्सप्रेस ट्रेन से कोलकाता जाने वाले थे। हिमाचल प्रदेश के खैरवाला बद्री निवासी 15 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र धीरेन्द्र पाल, वर्धमान चीनाकोडी निवासी 13 वर्षीय शाकिर पुत्र मुबारक एवं मानिकपुर (मैनपुरी) मोहनपारी निवासी 16 वर्षीय सुमंत सिंह पुत्र देवेन्द्र तीनों दोस्त है। तीनों कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन से सवार हो दिल्ली से शाहगंज सोमवार सुबह पंहुचे थे। तीनों कोलकाता जाने की फिराक में स्टेशन पर टहल रहे थे। बताया जाता है कि रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंहा ने संदिग्ध देख पूछताछ किया। तीनों ने बताया कि वे घर से बगैर बताये कोलकाता जा रहे हैं। परिजनों को सूचना दे बाल सुधार गृह भेजा गया है।
- 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की हुई पूणार्हुति
जौनपुर धारा, मड़ियाहूँ। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की मार्गदर्शन में सुभाष पुर चौरा माता मंदिर के पास गुरु पूर्णिमा पर्व के शुभ अवसर पर चार दिवसीय धर्मा अनुष्ठान का वैदिक वेद मंत्रों के माध्यम से पूणार्हुति का पूजन पूर्व विधायक डॉ. लीना त्रिपाठी ने किया। क्षेत्र के हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ भगवान को अपनी आहुतियां समर्पित की। यज्ञ चार पारियों में हुआ जिसमें संस्कार भी कराया गया। पुंसवन दीक्षा एवं मुंडन हुआ। टोली नायक डॉक्टर अशोक ने सांम के कार्यक्रम में 2400 सौ दीपक के प्रकाश में देव दीपावली के रूप में यज्ञ की पूणार्हुति कराया। सभी ने एक बुराई छोड़ने का संकल्प लिया। मानव में भाईचारा बढ़े एक दूसरे के सुख दुख में सहयोग करने का संकल्प दिलाया गया। इस मौके पर ब्रह्मदेव मिश्रा, छोटेलाल यादव, राकेश सिंह, सुनील मिश्रा, राजन दूबे, विवेक तिवारी, गुड्डू आदि रहे। संचालन अशोक मिश्र, डॉ. डी पटेल ने किया।



