सपा प्रत्याशी ने कार्यकर्ताओ के साथ किया बैठक
जौनपुर धारा,जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र पुरानी बाजार मे स्थित एक मैरेज हाल मे सोमवार को जौनपुर लोकसभा सीट 73 से घोषित सपा प्रत्याशी बाबु सिंह कुशवाहा ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक किया।
लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से ताकत और मेहतन से चुनाव में जुट जाने को कहा। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से समर्थन और सहयोग मांगा। सपा प्रत्याशी बाबु सिंह कुशवाहा ने कहा कि वह यह चुनाव राजनीति करने के लिए नहीं बल्कि जौनपुर लोकसभा के विकास के लिए लड़ रहे हैं। कार्यकर्ताओं का सहयोग और जनता का साथ मिला तो यह चुनाव जीता जाएगा। कार्यकर्ताओं की ताकत और मेहनत चुनाव में सफलता दिलाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जुट जाने की अपील की।
पीयू के दो शिक्षक आईआईटी में शोध अध्येता हेतु चयनित
जौनपुर धारा,जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर को दो शिक्षकों का चयन आईआईटी दिल्ली में शोध अध्येता के लिए हुआ है। इसके अंतर्गत परिसर स्थित रज्जू भइया संस्थान के भू एवं ग्रहीय विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ.श्याम कन्हैया आईआईटी दिल्ली के एटमास्फेरिक साइंस विभाग की डॉ.यामा दीक्षित के साथ शोध कार्य करेंगे तथा गणित विभाग के सौरभ कुमार सिंह आईआईटी दिल्ली में गणित विभाग के प्रो.विप्लव बसक के साथ शोध कार्य करेंगे।उक्त शोध अध्ययन की अवधि दो माह की होगी। जिसमें वह अपने विषय से संबंधित शोध करेंगे। इस फेलोशिप प्रोग्राम में देश भर से 147 लोगों का चयन हुआ है जो विज्ञान की विभिन्न विधाओं पर शोध करेंगे।
कुलपति प्रो.वंदना सिंह ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा है कि यह विश्वविद्यालय के शिक्षकों में शोध की गुणवत्ता एवं अनुसन्धान के प्रति गहरे लगाव को प्रदर्शित करता है। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षक आज अपने शोध कार्यों के चलते अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे है।
मारपीट में दो घायल
जौनपुर धारा,जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत नटौली गांव में मामूली विवाद के चलते पड़ोसियों ने दो लोगों को पीटकर कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर मौजूद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।
क्षेत्र के नटौली गांव में सोमवार की सुबह मामूली विवाद के चलते कहासुनी के दौरान पड़ोसियों ने 20वर्षीय शिल्पा पुत्री राम कृपाल व 16वर्षीय ब्यूटी पुत्री सुरेश यादव को लाठी डंडे से पीटकर कर लहूलुहान कर दिया। मौके पर मौजूद परिजनों ने आनन-फानन में उक्त घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। वहीं पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दोषियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
पंचर बनाने वाले की बेटी का जिले में दूसरा स्थान
जौनपुर धारा,जौनपुर। अभी हाल ही में जारी राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा परिणाम में पंचर बनाने वाले की बेटी मुस्कान ने दूसरा स्थान प्राप्त कर परिस्थितियों को दरकिनार कर दिया। चहुंओर उसकी इस उपलब्धि पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय अर्सिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश पाण्डेय ने बताया कि छात्रा मुस्कान के पिता विमलेश अर्सिया बाजार में पंचर बनाने का कार्य करते हुए परिवार का किसी तरह भरण पोषण करते हैं। परिस्थितियों को दरकिनार करते हुए उक्त छात्रा विद्यालय के गुरूजनो की देखरेख में शुरू से ही मेधावी प्रवृत्ति की रही है। जहां उसने राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में 180में 145अंक पाकर जिले में दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया वहीं वह नवोदय विद्यालय में एस सी वर्ग की बालिका वर्ग में अव्वल आकर जनपद में विद्यालय समेत पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। उसकी इस उपलब्धि पर सोमवार को खण्ड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार वैश्य व्यक्तिगत तौर पर विद्यालय में पहुंच कर उक्त छात्रा को सम्मानित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बीस लीटर अवैध कच्ची शराब संग एक पकड़ाया
जौनपुर धारा,खुटहन। आबकारी व थाना पुलिस के संयुक्त प्रयास से रविवार की रात बीस लीटर कच्ची अवैध शराब संग एक अधेड़ को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उसे आबकारी ऐक्ट में निरुद्ध कर चलान न्यायालय भेज दिया। आबकारी निरीक्षक भीम तिवारी कांस्टेबल सुभम त्यागी, मुनेश तिवारी व सुरेंद्र कुमार वर्मा के साथ अवैध शराब की चेकिंग कर रहे थे। पनौली गांव के मोड़ पर एक व्यक्ति हाथ में एक प्लास्टिक का डब्बा लिए सामने से पैदल आता दिखा। पास आने पर पुलिस टीम को देख उसी दिशा में पीछे मुड़कर भागने लगा। टीम ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। उसके हाथ में लिए गए डब्बे में बीस लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। उसने अपना नाम रईश तथा पता आजमगढ़ जिले के थाना सरायमीर क्षेत्र के कोरागहनी गांव का निवासी बताया।



