― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरें एक नजर में...

खबरें एक नजर में…

निर्वाचन व्यय के प्रयोजन हेतु अलग से बैंक खाता खोलें

जौनपुर धारा,जौनपुर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग के पत्र के क्रम में निर्वाचन अभ्यर्थियों को निर्वाचन व्यय के प्रयोजन हेतु अलग से बैंक खाता खोले जाने हेतु निर्देश दिये गये है।

निर्वाचन अभ्यर्थी द्वारा निर्वाचन व्यय के उद्देश्य से बैंक खाता स्वयं के नाम से या अपने निर्वाचन अभिकर्ता के साथ संयुक्त के नाम से जिले के किसी भी बैंक (सहकारी बैंक सहित) या डाकघर में खोला जा सकता है। निर्वाचन अभ्यर्थी द्वारा निर्वाचन व्यय से सम्बन्धित किसी भी मद के लिये अदा की जाने वाली राशि रु.10000 से अधिक नही है, तो ऐसे व्यय को उक्त बैंक खाते से निकासी करके नकद राशि के माध्यम से व्यय की जा सकती है। उन्होंने अवगत कराया है कि आयोग के उक्त निर्देश के क्रम में जौनपुर के समस्त बैंक शाखाओं को निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों के प्रयोजनार्थ अलग से बैंक खाता खोलने की सुविधा देने एवं खाता खोलते हुए ही 200 प्रतिपर्णो की चेक बुक (नान पर्सनलाइज) उपलब्ध कराने हेतु आदेशित करें।

अयोध्या धाम से लौटा रहा वृद्ध हुआ जहर खुरानी का शिकार

जौनपुर धारा,जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत कोरवलिया गांव के समीप एक वृद्ध बेहोशी की हालत पर सड़क के किनारे पड़ा हुआ था। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।

चंदौली जनपद के मंथन मरहन निवासी 70वर्षीय अंगद पांडे पुत्र बलिराम पांडे सोमवार की सुबह कोरवलिया भादी गांव में सड़क के किनारे बेहोशी की हालत में पड़े हुए थे। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान होश में आने के बाद पीड़ित ने बताया कि अयोध्या धाम से दर्शन कर ट्रेन से घर वापस आ रहें थे। शाहगंज स्टेशन पर जहरखुरानो ने नशीला पदार्थ खिलाकर कर सारा सामान लेकर फरार हो गए। बेहोशी की हालत में वहीं फेंक दिया। पीड़ित के परिजनों को सूचना दे चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

किशोरी ने खाया विषाक्त पदार्थ,हालत गंभीर जिला चिकित्सालय रेफर

जौनपुर धारा,शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत कुडियारी गांव में परिजनों की डांट से छुब्ध किशोरी ने घर में रखा विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ते देख परिजनों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

बीबीगंज चौकी क्षेत्र के अन्तर्गत कुडियारी गांव निवासी 14वर्षीय इन्द्रासनी पुत्री स्व जितेन्द्र सोमवार की सुबह मामूली कहासुनी के दौरान परिजनों की डांट से छुब्ध होकर घर में रखा विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। जब तबीयत बिगड़ने लगी तब परिजनों को मामले की जानकारी हुई आनन-फानन में परिजनों ने किशोरी को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

टैम्पो पलटने से सवार महिला घायल

जौनपुर धारा,जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत कौड़ियां गांव के समीप सड़क दुघर्टना में टैम्पो पलटने से सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

क्षेत्र के छताईकला गांव निवासी 70वर्षीय कलावती देवी पत्नी राम प्यारे सोमवार की सुबह घर से टैम्पो से शाहगंज आ रही थी कि कौड़ियां गांव के समीप तेज रफ्तार टैम्पो पलटने से उक्त महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दे इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

छत से नीचे कूदने से चोर घायल,चोरी के लिए घर में घुसा था चोर

जौनपुर धारा,जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत बड़ागांव बाजार में रविवार की रात एक चोर एक घर में चोरी करने घुस था। लोगों को जानकारी होने पर चोर को दौड़ाया छत से नीचे कूदने से चोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

रविवार की रात बड़ागांव बाजार में अखंडनगर थाना क्षेत्र के गिधौना गांव निवासी 25वर्षीय पंकज चौहान पुत्र अर्जुन चौहान सैजी पुत्र हैदर के घर में चोरी करने के इरादे से घुस था। जब घर वालों को जानकारी हुई तो पकड़ कर पिटाई करने लगे। चोर अपनी जान बचाकर कर घर के ऊपर छत से कूदकर भागने के दौरान नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने चोर को इलाज हेतु एम्बुलेंस से राजकीय चिकित्सालय भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दे प्राथमिक उपचार के बाद उक्त घायल की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपित चढ़ा पुलिस के हत्थे

जौनपुर धारा,जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत आजमगढ़ मार्ग स्थित पावर हाउस के समीप चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को एक तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर चालान भेज दिया। रविवार की रात आजमगढ़ मार्ग स्थित पावर हाउस के समीप उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह हमराहियों के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे कि मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले तलाशी लिया गया तो युवक के पास से 315 बोर का एक तमंचा व एक अदद जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम परवेज पुत्र जल्लू निवासी नगर के भटियारी सराय बताया। पकड़े गए युवक पर पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान भेज दिया।

Share Now...