पत्थरगड्डी उखाड़ फेंकने के बाद भी नही दर्ज हुआ मुकदमा
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के नाहरमऊ हिम्मतनगर गांव में रामबरन पाल ने समाधान दिवस पर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस को दिए तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया कि उपजिलाधिकारी के निर्देश पर मेरी पत्थर गड्डी कराई गई। दो दिन बाद विपक्षी अंकित, नीरज पुत्रगण बृजलाल पाल द्वारा इसे उखाड़ कर फेंक दिया गया। उपजिलाधिकारी मछलीशहर को पुनः इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद लेखपाल ने मौके पर जाकर देखा और अपनी रिपोर्ट भी लगाई लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष सुजानगंज रोहित मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
लव जेहादी दो दिन में नहीं आया तो चलेगा बुलडोजर : आदेश त्यागी
जौनपुर धारा, शाहगंज। सुल्तानपुर की किशोरी से दुष्कर्म मामले में दर्ज मामले में सात लोगों को जेल भेज दिया गया। वहीं प्रेमी अभी फरार है, फिलहाल पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी है।
मालूम हो कि शाहगंज क्षेत्र निवासी युवक सैफी सलमानी ने सूरापुर की किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर बंधक बना दुष्कर्म किया। सलमानी ने खुद को आदित्य सिंह बता किशोरी को प्रेम जाल में फंसाया था। जब किशोरी ने शादी का दबाव बनाया तो उसका धर्म परिवर्तन करा खुद घर छोड़ अंडमान चला गया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आठ लोगों पर दर्ज मामले में सात कों पुलिस ने गिरफ्तारी कर जेल रवाना कर चुकी हैं। वहीं मुख्य आरोपित अभी भी फरार है। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक आदेश त्यागी ने बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। परिजनों को प्रताड़ना में साथ देने समेत अन्य मामले में जेल भेजा जा चुका है। वहीं प्रेमी सैफी सलमानी अभी फरार है। दो दिन तक इंतजार किया जायेगा। इसके बाद खुद को कानून के हवाले नहीं किया तो घर पर बुलडोजर चलना तय है।
सड़क हादसे में चिकित्सक घायल, रेफर
जौनपुर धारा, जौनपुर। शनिवार अपराह् क्षेत्र के रूधौली बाजार स्थित गैस एजेंसी के पास सड़क हादसे में एक चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी ले जाया गया। जहां पर स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि कम्मरपुर गांव निवासी अंगेश कुमार यादव 28पुत्र रामसेवक यादव कोलकाता में हड्डीरोग के चिकित्सक हैं। शनिवार अपराह्न रूधौली बाजार से वापसी के दौरान गैस एजेंसी के पास एक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी ले जाया गया जहां पर स्थिति गंभीर देख चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सक के अनुसार हादसे में उनका दाहिना पैर टूट गया।
युवक हुआ नौ हजार रुपये ठगी का शिकार
जौनपुर धारा, जौनपुर। जफराबाद कस्बे के शेखवाड़ा मुहल्ले के निवासी एक युवक ठगी का शिकार हो गया। उसका एक ठग ने नौ हजार रुपये का चूना लगा दिया।युवक ने थाने में पहुंचकर तहरीर दिया।
उक्त मुहल्ले के निवासी इमरान पुत्र जुबेर के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम करीम बताया। उसने कहा कि वह अस्पताल में एडमिट है। उसके खाते में पैसा भेजने पर आ नही रहा है। वह इमरान से बोला कि वह आपके खाते में पैसा ट्रांसफर करवा रहा है। इमरान ने अपना खाता नम्बर दे दिया। खाता नम्बर देने के बाद इमरान के खाते में पैसा आने का मेसेंजे भी आ गया। इमरान से ऊक्त ठग ने कहा कि वह पहले नौ हजार रुपये ही भेजे। एक हजार बाद में बोलेगा तब देना। इमरान ने मानवता दिखाते हुए नौ हजार रुपये उसके खाते में भेज दिया। खाते में पैसा भेजने के बाद वह बैंक में जाकर पता लगाया तो पता चला कि उसके खाते में एक भी पैसा ही नही आया है। उसका अपना नौ हजार गवाने के बाद वह अब पुलिस से मदद मांग रहा है। थानाप्रभारी सुरेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि युवक की तहरीर मिलते ही साइबर क्राइम थाने पर मामले को बता दिया गया है। प्रयास किया जा रहा है कि युवक का पैसा वापस मिल जाय।
विवाहिता गांव के युवक के साथ हुई फरार
जौनपुर धारा, जौनपुर। पवांरा थानाक्षेत्र के अन्तर्गत एक गांव निवासी ने थाने पर तहरीर दिया कि शुक्रवार की शाम मेरी पत्नी बिना किसी को बताये घर से गहना व रुपये लेकर चली गयी है। मैं व मेरे परिवार के लोगों ने पास-पड़ोस व रिश्तेदारी में खोजबीन किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बाद में पता चला कि गांव के ही युवक के साथ फरार हो गयी है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल में जुट गयी है।
थाना समाधान दिवस का हुआ आयोजन
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली परिसर में सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन प्रभारी निरीक्षक आदेश कुमार त्यागी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। जिसमें फरियादियों के द्वारा कुल पांच प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। जिसमें मौके पर एक भी प्रार्थना पत्र का निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान कस्बा कानूनगो संजय सिंह, अपराध इंस्पेक्टर विजय मिश्रा वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक अशोक सिंह, प्रभुनाथ यादव, जियाउद्दीन खां व लेखपाल विकास सिंह, सनन्दन भट्ट, विवेक सिंह आदि राजस्व कर्मी मौजूद रहे।