मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के प्रयागराज मार्ग पर शनिवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में रोडवेज बस खड़ी ट्रक से टकरा गई, जिसमें बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन्स डिपो की रोडवेज बस करीब 40 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा जा रही थी। सुबह लगभग पांच बजे जैसे ही बस कोदहूं गांव के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी पुलिस टीम के साथ राहत कार्य में जुट गए। घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। इस हादसे में बस चालक सतीश गुप्ता (46 वर्ष), निवासी ग्राम लवायन भावनपुर, थाना खुटहन, जौनपुर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घायलों में राकेश कुमार, मयंक सिंह, अनिल पटेल, राजकुमार, रामचंद्र निषाद, सूरज कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार यादव तथा नीरज बिंद शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
― Advertisement ―
समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर जोर
जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधानमंडल की संयुक्त समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों और जनपद में चल रही निर्माणाधीन...
खड़ी ट्रक से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत; 9 यात्री घायल

Previous article
Next article


