जौनपुर। जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने अवगत कराया है कि जनपद में रबी अभियान 2025हेतु कृषक बन्धुओं को जनपद में बोई जाने वाली प्रमुख फसलों में लगाने वाले रोग/कीट से बचाव के लिए जनपद के जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार ने कृषको को जागरूक करने के उद्देश्य से बताया कि कृषक बन्धु बुवाई से पूर्व भूमि शोधन/बीजशोधन का कार्य अवश्य करें, जिसके लिए जनपद के प्रत्येक विकास खण्ड में स्थित कृषि रक्षा इकाईयों पर 75प्रतिशत अनुदान पर कृषि रक्षा रसायन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। ऐसा करने से फसल में लगने वाले रोगों से काफी हद तक बचाव होता है। इसके लिए जनपद में 20 अक्टूबर से 25 नवम्बर तक कृषि विभाग के कर्मचारियों द्वारा अभियान भी चलाया जा रहा है, इसके आलावा कृषि रसायनों पर 50 प्रतिशत अनुदान एवं सभी बीज शोधन, जैविक रसायनों पर 75 प्रतिशत अनुदान के साथ समस्त सामायिक रसायन जनपद के सभी कृषि रक्षा इकाइयो पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मिशन रिमूव करप्शन उठाई आवाज
जौनपुर। मिशन रिमूव करप्शन के संचालक एवं हिंदुस्तान मानवाधिकार संघ के राष्ट्रीय महासचिव वकार हुसैन ने देश के राष्ट्रपति, विदेश मंत्रालय, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल, पुलिस महानिदेशक, सीबीआई लखनऊ तथा पुलिस अधीक्षक जौनपुर को एक पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने पासपोर्ट आवेदकों से धन उगाही, पासपोर्ट सेवा केंद्रों व पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्रों में भ्रष्टाचार, तथा पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महासचिव ने पत्र में लिखा कि लगभग दो दशक पूर्व भी उन्होंने इसी प्रकार की शिकायत देश के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम से की थी, जिसके बाद जांच में कई पुलिसकर्मी और एल.आई.यू. अधिकारी दोषी पाए गए थे। उस समय यह मामला राष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में रहा और लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब पासपोर्ट आवेदकों को इस जिल्लत और भ्रष्टाचार से मुक्ति मिल जाएगी, लेकिन हालात आज भी जस के तस हैं। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन के दौरान आवेदकों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जाता है, और थाने के भयावह माहौल में उनसे मुंहमांगी रकम वसूल की जाती है।
छात्रा बनी एक दिन की प्रधान
जौनपुर। बक्शा ब्लॉक स्थित उटरूकला गांव में मिशन शक्ति अभियान के तहत एक अनूठी पहल की गई। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा शिवानी को एक दिन के लिए ग्राम प्रधान बनाया गया।
इस दौरान गुड़िया को एक दिन का सचिव और अंशिका को पंचायत सहायक बनाया गया। कुछ अन्य बच्चों को भी सदस्य की भूमिका दी गई। इसका उद्देश्य बच्चों को पंचायत के कामकाज, प्रधान और सचिव की भूमिका तथा ग्राम सभा की कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया से अवगत कराना था। शिवानी ने प्रधान के रूप में पंचायत की फाइलों का अवलोकन किया और कार्यों को समझा। गुड़िया ने बताया कि पंचायत किन-किन कार्यों पर काम कर सकती है, जैसे नाली निर्माण, सोक पिट, नल की मरम्मत और ग्राम सभा में बन रही पानी की टंकी से घर-घर पानी पहुंचाने की योजना। पंचायत सहायक अंशिका ने जानकारी दी कि वर्तमान में पंचायत सचिव को बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। बीएलओ घर-घर जाकर चुनाव आयोग द्वारा जारी वोटर लिस्ट के इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित कर रहे हैं और उन्हें भरने का तरीका भी समझा रहे हैं। उपस्थित ग्राम सभा वासियों और सदस्यों की करतल ध्वनि के साथ कार्ययोजना तैयार की गई। शिवानी ने इस पर अपनी सहमति व्यक्त की और सचिव ने कार्यवाही दर्ज की।
स्कूटी सवार नकाबपोश हमलावरों ने किया जानलेवा हमला
जौनपुर। मडियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव निवासी शिवकुमार गुप्ता पुत्र शंभू नाथ गुप्ता उम्र लगभग 25वर्ष रोज की भांति मंगलवार की सुबह लगभग 5:30 बजे के आसपास अपने घर से मडियाहूं समाचार पत्र लेने जा रहा था। जैसे ही जोगापुर पुलिया से 200 मीटर पहले पहुंचा था की स्कूटी पर तीन नकाबपोश हमलावरों ने पंच व हॉकी से मारकर लहू लहान कर दिया। घटना की जानकारी जब परिजनों को हुई तो तत्काल परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। 112 नंबर को फोन करके बुलाया। मौके पर पहुंची 112 नंबर पुलिस युवक को मड़ियाहूं सामुदायिक स्वस्थ केंद्र ले आए। परिजनों ने मडियाहूं कोतवाली में प्रार्थना पत्र दे दिया है।
खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर में फंसे किसान की मौत
बदलापुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के चरियाही गांव में मंगलवार भोर एक दर्दनाक हादसे में किसान हरिकेश यादव (57) की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हरिकेश यादव अपने ही खेत में ट्रैक्टर चालक के साथ जुताई करा रहे थे। इस दौरान वह पीछे जाकर रोटावेटर की स्प्रिंग कसने लगे। अचानक उनका पैर फिसल गया और वे चलते रोटावेटर में फंस गए। मशीन में उलझने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए जौनपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजस्व विभाग से हल्का लेखपाल दिलशाद अहमद ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पुलिस ने शव को लिया कब्जे में
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली गांव के पास मंगलवार सुबह करीब आठ बजे एक कमरे में 30वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि मृतक की पहचान प्रिंस मौर्य, निवासी ग्राम सुरंवा, थाना बड़ागांव, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। वह सब्जी का कारोबार करता था और देवकली क्षेत्र में अस्थायी रूप से रह रहा था। आसपास के लोगों के अनुसार सोमवार शाम तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन मंगलवार सुबह उसका शव कमरे में मिला।पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
पीयू में महिला सशक्तिकरण पर हुआ निबंध लेखन प्रतियोगिता
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के संकाय भवन के कांफेंस हाल में मंगलवार को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत निबंध लेखन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम माननीय कुलाधिपति एवं मा. मुख्यमंत्री जी, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार मिशन शक्ति के द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के विषय शिक्षित महिला, सशक्त समाज तथा तकनीक के माध्यम से महिलाओं की आत्मनिर्भरता है, और सम्मान/कार्यक्रम है का संयोजन गणित विभाग की डॉ.निमिषा यादव द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि विकास के नए आयाम स्थापित करने का आधार है। मिशन शक्ति जैसी पहल युवाओं के भीतर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करती है और समाज में महिलाओं की भूमिका को मजबूती प्रदान करती है। जनसंचार विभाग के डॉ.सुनील कुमार ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति क्षमता को सामने लाती हैं, बल्कि वे संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मीडिया और शिक्षा, दोनों ही महिला सशक्तिकरण के सशक्त माध्यम हैं।
एकमुश्त भुगतान पर सरचार्ज में 100 प्रतिशत तथा मूलधन में 25प्रतिशत तक की छूट
जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा ने प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के हित में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए बिजली बिल राहत योजना-202५ लागू करने की घोषणा की है। इस योजना के अंतर्गत नेवरपेड और लॉन्ग अनपेड उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी। यह बात प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा ने संगम सभागार में प्रेस वार्ता कर बताया।
विद्युत बिल राहत योजना 2025 के अंतर्गत बकाया धनराशि को एक मुश्त जमा करने पर सरचार्ज में 100प्रतिशत एवं मूलधन में 25प्रतिशत तक छूट देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। ऊर्जा मंत्री ने इस योजना को जनता के लिए सरकार का उपहार और जनसहभागिता से जुड़ी अभूतपूर्व पहल बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी उपभोक्ता बिजली बिल के बोझ तले दबा न रहे और साथ ही राज्य की बिजली वितरण व्यवस्था आर्थिक रूप से सुदृढ़ बने। इस योजना से एक ओर जहां सरकारी खजाने में भारी राजस्व की वृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर घरेलू व वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को बड़ी आर्थिक राहत प्राप्त होगी। उपभोक्ता अपना बिजली बिल एकमुश्त जमा करता है, तो उसे सरचार्ज में 100प्रतिशत के साथ-साथ बकाए के मूलधन में 25प्रतिशत छूट मिलेगी। इस छुट का लाभ लोगों को तीन चरणों में दिया जायेगा।
रामलीला में उत्पात मचाने वालों पर मुकदमा दर्ज,
जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के पूरासंभलशाह गांव में रामलीला मंचन के दौरान हुए उपद्रव मामले में पुलिस ने समिति के सदस्यो की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ज्ञात हो कि विगत रात मंचन स्थल पर पहुंचे कुछ युवकों ने डांसर से विवाद के बाद जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की थी। गांव के पूर्व प्रधान विजय बहादुर वर्मा के पुत्र वैभव, प्रतीक और आयुष वर्मा सहित अन्य कलाकारों को भी पीटा गया। लोगों ने आरोप लगाया कि उक्त युवक असलहा लहराते हुए मंचन स्थल पर पहुंचा और दोबारा रामलीला शुरू होने पर बमबारी करने की धमकी तक दी।घटना के बाद अगले दिन ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और आरोपी युवकों के खिलाफ शिकायती तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने स्थानीय निवासी अभय सिंह उर्फ छोटू पुत्र अजय सिंह सहित आधा दर्जन अज्ञात युवकों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि जांच के बाद सभी को चिन्हित कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


