जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में आज बुधवार को संविधान दिवस के दिन कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ। लोकभवन सभागार लखनऊ से आयोजित संविधान दिवस के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वि/रा राम अक्षयबर चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.गोरखनाथ पटेल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारीगण की उपस्थिति में देखा गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य द्वारा बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का पाठ भी किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज ही के दिन 26 नवंबर1949 को हमारा संविधान अंगीकृत तथा आत्मार्पित किया गया था। भारत के संविधान में देश के नागरिकों के मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी उल्लेख किया गया है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने इसकी ड्राफ्टिंग के समय देश की अखंडता को ध्यान में रखते हुए भारत की संस्कृति और एकता को अक्षुण्ण रखने का संदेश दिया। उन्होंने सभी से कहा कि संविधान के प्रति सच्ची आस्था रखते हुए समाज में समरसता को बनाए रखें।



