- डीएम ने किया केंद्रों का निरीक्षण
जौनपुर। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ परीक्षा केंद्रों के बाहर देखने को मिली। निर्धारित समय से पहले ही अभ्यर्थी अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच गए थे।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रवेश द्वार पर पहचान पत्र और प्रवेश पत्र की जांच की गई तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया गया। इसके बाद अभ्यर्थियों को उनके कक्षों में भेजा गया, जहां निर्धारित समय पर परीक्षा संपन्न कराई गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी शांतिपूर्ण ढंग से केंद्रों से बाहर निकले। इसी दौरान जिलाधिकारी ने डॉ.राममनोहर लोहिया राजकीय महाविद्यालय, मुफ्तीगंज तथा मुक्तेश्वर बालिका इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के दूसरे दिन जिले के सभी केंद्रों पर व्यवस्था सामान्य रही और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

नकलविहीन परीक्षा के लिए कड़ी व्यवस्था
जिले में आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखा गया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



