Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरईद पर चाँद के साथ रिलीज होगी ब्लड मून

ईद पर चाँद के साथ रिलीज होगी ब्लड मून

जौनपुर। ईद के मौके पर दर्शकों को रोमांच और खौफ से भर देने वाली एक नई साइलेंट थ्रिलर फिल्म  ब्लड मून जल्द ही रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म 21 मार्च 2026, शनिवार को दर्शकों के बीच आएगी। फिल्म का निर्देशन युवा निर्देशक स्वराम शर्मा ने किया है।

फिल्म के प्रमोशनल संदेश के अनुसार ‘इस ईद जब चाँद निकलेगा, तो उसके साथ उठेगा एक खौफ भी। तैयार हो जाइए एक ऐसे डर का सामना करने के लिए जो रात खत्म होने के बाद भी आपका पीछा नहीं छोड़ेगा।Ó इसी टैगलाइन के साथ फिल्म को एक सस्पेंस और हॉरर से भरपूर साइलेंट थ्रिलर के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। निर्देशक स्वराम शर्मा का कहना है कि ब्लड मून पारंपरिक फिल्मों से अलग एक साइलेंट थ्रिलर है, जिसमें बिना ज्यादा संवाद के दृश्य और माहौल के जरिए डर और रहस्य को दर्शाया गया है। फिल्म में सस्पेंस, थ्रिल और मनोवैज्ञानिक डर का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म के मेकर्स को उम्मीद है कि ईद के मौके पर रिलीज होने वाली यह थ्रिलर दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देगी। अब देखना होगा कि 21 मार्च को रिलीज के बाद यह फिल्म दर्शकों पर कितना असर छोड़ती है।

सखी वेलफेयर फाउंडेशन ने शुरू किया नि:शुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण

जौनपुर। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की युवतियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सखी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा मरदानपुर स्थित कार्यालय पर नि:शुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला की शुरुआत की गई। प्रशिक्षण के माध्यम से युवतियों को ब्यूटी पार्लर से जुड़ी विभिन्न तकनीकों और कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे स्वरोजगार के लिए तैयार हो सकें।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वंदना सरकार, संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, प्रशिक्षिका पूजा जायसवाल तथा संस्था की टीम और प्रशिक्षु युवतियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर किया। संस्था के सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर डॉ. रेनू मौर्य, संतोष गुप्ता और मीना गुप्ता ने भी संस्था की सदस्यता ग्रहण की। मुख्य अतिथि वंदना सरकार ने कहा कि मातृशक्ति को स्वावलंबी बनाने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद उपयोगी हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की युवतियों को आत्मनिर्भर बनने और सम्मानपूर्वक जीवन यापन करने में सहायता मिलेगी। संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने कहा कि संस्था की सदस्याएं विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर समाज में अपनी पहचान बना रही हैं। इसी क्रम में स्वच्छता मिशन की ब्रांड एंबेसडर बनी स्वर्णिमा जायसवाल तथा अंतरराष्ट्रीय हिंदू महिला परिषद की जिलाध्यक्ष बनने पर अर्चना सिंह को संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों और प्रशिक्षु युवतियों ने एक-दूसरे के साथ होली खेली तथा होली गीतों और समूह खेलों के माध्यम से उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी अध्यक्ष तूलिका श्रीवास्तव ने किया, जबकि आभार महासचिव अर्चना सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सरला महेश्वरी, शीला राय, पिंकी जायसवाल, सुजाता जायसवाल, दिव्या साहू, शशि मिश्रा, सरिता निगम, आरती सिंह, संचिता बैंकर, दीपा साहू, शकुंतला मौर्य, मीनू बरनवाल, चंदा बरनवाल, सभासद पोषकी साहू, अंजु जायसवाल, रूपम शुक्ला, श्रद्धा उपाध्याय, रेनू गुप्ता, वंदना साहू, रजनी साहू, साधना साहू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व युवतियां उपस्थित रहीं।

सड़क हादसे में रिटायर्ड डिप्टी एसपी की मौत

जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के रेहटी स्थित एक ढाबे के पास शनिवार शाम सड़क दुर्घटना में सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी महेश राम गौतमकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बताया जाता है कि करीब 70 वर्षीय महेश राम गौतम अपने परिवार के साथ कार से वाराणसी से जौनपुर आ रहे थे। शाम लगभग सात बजे रेहटी के पास एक ढाबे के समीप उन्होंने कार खड़ी की और सड़क पार करने लगे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। महेश राम गौतम मूल रूप से मऊ जनपद के नाजोपट्टी मोहम्मदाबाद के निवासी बताए जाते हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।

मडियाहूं विद्युत उपकेंद्र के जेई निलंबित, एसडीओ को कारण बताओ नोटिस

जौनपुर। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के निरीक्षण के बाद मडियाहूं विद्युत उपकेंद्र में बड़ी कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता (जेई) के अनुपस्थित मिलने और कार्यालय में अनियमितताएं पाए जाने पर अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक ने जेई शहजाद अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उपखंड अधिकारी सौरभ तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट कहा कि विद्युत व्यवस्था में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को गर्मी के मौसम को देखते हुए उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर एजेंसी पर हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति

जौनपुर। मछलीशहर रसोई गैस सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों ने गैस उपलब्ध न होने की सूचना मिलने पर एजेंसी पर हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

रविवार सुबह शंकर गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग गई। एजेंसी संचालक मानस सिंह ने शटर खोलने के बाद बताया कि रविवार को प्लांट बंद रहता है और गैस सिलेंडर सोमवार को आएगा, जिसका वितरण मंगलवार को किया जाएगा। यह सुनते ही कुछ लोग आक्रोशित हो गए और एजेंसी पर ईंट-पत्थर चलाने की कोशिश करने लगे। एजेंसी संचालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया। करीब एक घंटे बाद लोगों को समझाकर वापस भेजा गया, तब जाकर स्थिति सामान्य हुई।

होली मिलन समारोह में उड़े अबीर-गुलाल

जौनपुर। जफराबाद कस्बे के ताड़तला मोहल्ले स्थित जेजेएस मैरेज लॉन में शनिवार शाम होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व विधायक डॉ.हरेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और प्रेम को बढ़ाने का संदेश देता है तथा मन की बुराइयों को समाप्त करने का अवसर प्रदान करता है। समाजसेवी आशुतोष सिंह ने कहा कि होली इंसान को दिल खोलकर खुशियां बांटने और आपसी मतभेद भुलाने की प्रेरणा देती है। इससे पहले कार्यक्रम के आयोजक पूर्व चेयरमैन प्रमोद कुमार बरनवाल, विजय कुमार बरनवाल, पूर्व चेयरमैन श्रीमती रेखा बरनवाल, नमन कुमार, शिवम बरनवाल और सूरज बरनवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में लोकगीत गायक अभिषेक मयंक और राधा मौर्या ने होली गीत प्रस्तुत कर माहौल को रंगीन बना दिया। समारोह देर रात तक चलता रहा। इस मौके पर मनोज अग्रहरि, संदीप वर्मा, मंगला प्रसाद शुक्ल, विनोद सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

मुंगराबादशाहपुर को मिला शव डीप फ्रीजर, सर्ववैश्य समाज की अनोखी पहल

मुंगराबादशाहपुर। सर्ववैश्य समाज क्षेत्रीय समिति के मुख्य सलाहकार आलोक गुप्ता पिंटू और सलाहकार इंजीनियर उमाशंकर गुप्ता ने शव डीप फ्रीजर समर्पित किया। यह सुविधा सभी धर्मों और वर्गों के लिए सर्ववैश्य समाज क्षेत्रीय समिति को सौंपी गई।

मुख्य सलाहकार आलोक गुप्ता ने कहा कि जब किसी परिजन की मृत्यु होती है और अंतिम संस्कार में देरी होती है, तो शव को सुरक्षित रखना मुश्किल होता है। बर्फ न मिलना और गरीब परिवारों का खर्च उठा पाना बड़ी दिक्कत थी, यह डीप फ्रीजर अब वरदान साबित होगा।सलाहकार इंजीनियर उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि मुंगराबादशाहपुर में पहली बार ऐसी पहल हुई है, जिससे शव को लंबे समय तक सुरक्षित रखना आसान होगा और हर वर्ग को लाभ मिलेगा।अध्यक्ष राजकुमार ऊमरवैश्य ने कहा कि यह पहल सामाजिक एकता का प्रतीक है और जरूरतमंदों को सीधी राहत देगी। पूर्व चेयरमैन शिव गोविंद साहू ने कहा कि मानव सेवा का अनुपम उदाहरण बताया। इस दौरान संदीप केसरी, पशुपतिनाथ मुन्ना, राजीव गुप्ता, नागेंद्र मोदनवाल, राधेश्याम मालू, सौरभ जायसवाल, उमाशंकर चौरसिया, राजकुमार केसरी, आलोक साहू, सुमन जायसवाल, क्रांति गुप्ता कपूर, निशु केसरी, आज़म राईन, बंटी जायसवाल, बैजनाथ साहू व सुरेंद्र बच्चा आदि ने भी इस प्रयास की सराहना की और कहा कि यह गरीब-वंचित परिवारों के लिए बड़ी सहायता साबित होगी।

राशन कार्ड गड़बड़ियों से कालाबाजारी का आरोप, उपभोक्ताओं में नाराजगी

केराकत। स्थानीय क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितताओं को लेकर उपभोक्ताओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि राशन कार्ड में जानबूझकर गड़बड़ियां कर कोटेदारों द्वारा खाद्यान्न की कालाबाजारी की जा रही है और कार्डधारकों से अवैध वसूली भी की जा रही है।

सिपाह मोहल्ले की नजमा ने शिकायत की कि उनके राशन कार्ड पर एक अज्ञात महिला का नाम मुखिया के रूप में दर्ज कर दिया गया है। कई बार शिकायत के बावजूद नाम नहीं हटाया गया। वहीं मोहम्मद सलीम ने बताया कि उनकी मां फातिमा के राशन कार्ड में उनका और उनके भाई मोहम्मद कासिम का नाम दर्ज नहीं है, जिसके लिए वे दो महीने से पूर्ति कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। इसी मोहल्ले की रुखसाना ने भी आरोप लगाया कि उनके राशन कार्ड में गलत पता दर्ज कर दिया गया है, जिसे सही कराने के लिए वह महीनों से प्रयास कर रही हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कोटेदार अंगूठा लगवाने के बाद पर्ची उपभोक्ताओं को नहीं देता, जिससे गड़बड़ी और कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सिलेंडर के लिए अधिक पैसा वसूलने का आरोप, उपभोक्ताओं ने एसडीएम से की शिकायत

केराकत। स्थानीय क्षेत्र में गैस एजेंसी संचालकों पर निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा वसूलने और समय पर सिलेंडर न देने का आरोप लगाते हुए उपभोक्ताओं ने एसडीएम से शिकायत की है।

बम्मावन गांव के अधिवक्ता राजकुमार ने बताया कि उन्होंने 4 मार्च को गैस सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन दस दिन बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। उनका आरोप है कि एजेंसी संचालक स्टॉक न होने का बहाना बनाकर अधिक दाम पर अन्य लोगों को सिलेंडर बेच रहा है। वहीं गोबरा गांव के ब्रह्मानंद मिश्रा ने बताया कि 2 मार्च को सिलेंडर बुक कराने के बाद उनके मोबाइल पर डिलीवरी का संदेश भी आया, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिला। केराकत नगर के नितिन सोनकर ने बताया कि तीन दिनों से मोबाइल से बुकिंग नहीं हो पा रही है और एजेंसी पर जाने पर कर्मचारियों ने नेटवर्क समस्या का हवाला देकर लौटा दिया। पीड़ित उपभोक्ताओं ने मामले की शिकायत एसडीएम शैलेन्द्र कुमार से की है। एसडीएम ने चार से पांच दिनों के भीतर मामले के निस्तारण का आश्वासन दिया है।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कृषि व्यवसाय व ई-वाणिज्य प्रबंधन के लिए अतिथि प्रवक्ताओं का पैनल तैयार

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में संचालित कृषि व्यवसाय प्रबंधन तथा ई-वाणिज्य प्रबंधन पाठ्यक्रमों के लिए अतिथि प्रवक्ताओं का पैनल तैयार कर लिया गया है। प्रशासन द्वारा आयोजित साक्षात्कार के बाद चयन समिति की संस्तुति पर चार अभ्यर्थियों को सूचीबद्ध किए जाने का आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार चयनित अतिथि प्रवक्ताओं को 11 माह की अवधि के लिए अथवा अगले आदेश तक, जो पहले हो, पैनल में रखा जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों में डॉ. असमा, डॉ. विकास सिंह, डॉ. असीम कुमार राजभर तथा डॉ. नितिन कुमार चौहान शामिल हैं। इनमें दो अभ्यर्थियों को कृषि व्यवसाय प्रबंधन तथा दो को ई-वाणिजिज्य प्रबंधन पाठ्यक्रम के लिए सूचीबद्ध किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार अतिथि प्रवक्ताओं को प्रति व्याख्यान 500 रुपये की दर से मानदेय दिया जाएगा, जबकि एक माह में अधिकतम 25 हजार रुपये तक ही भुगतान किया जाएगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह सूचीबद्धता पूरी तरह अस्थायी प्रकृति की होगी। इसी बीच विभाग में पहले से शिक्षण कार्य से जुड़े डॉ.मोहित भाटिया तथा डॉ.प्रांकुर शुक्ल का नाम इस नई सूची में शामिल नहीं किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था परिसर में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई को सुचारु और प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।

Share Now...