लखनऊः इकाना स्टेडियम में शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच मैच खेला गया. इस रोमांचक मुकाबले में पब्लिक का ध्यान उस वक्त खेल के ऊपर से हट गया जब भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने ठुमके लगाने शुरू कर दिए. उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स का मनोबल बढ़ाने के लिए ठुमके लगाए और अपना गीत ‘खेले सुपर जायंट्स लखनऊवा’ भी गुनगुना कर पूरे माहौल में जोश भर दिया. दर्शकों के साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के ध्यान को भी अपनी ओर खींचा. हर कोई इस नजारे को देखता ही रह गया.
आपको बता दें कि भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम के लिए ‘खेले सुपर जायंट्स लखनऊवा’ गीत गाया है. जिसे यूट्यूब पर अब तक 38 लाख से भी ज्यादा लोग देख चुके हैं. अपने इस गाने में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के जोश को दिखाया है और इस टीम का हौसला भी काफी बढ़ाया है. लखनऊ के इकाना स्टेडियम में ऐसा पहली बार हुआ जब लोगों ने भोजपुरी एक्टर को इस तरह ठुमके लगाते हुए देखा. हालांकि इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को हार का मुंह देखना पड़ा जिससे एक्टर समेत वहां मौजूद दर्शकों को निराशा ही हाथ लगी. गुजरात टाइटंस ने आईपीएल के मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को सात रन से हरा दिया. लखनऊ सुपर जायंट्स की यह दूसरी हार है. इससे पहले पंजाब किंग्स के साथ खेले गए आईपीएल मैच में भी लखनऊ की ही जमीन पर लखनऊ सुपर जायंट्स की दो विकेट से हार हुई थी. हालांकि इसके बाद ऐसा लग रहा था कि लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 22 अप्रैल को खेले जा रहे हैं. गुजरात टाइटंस के मुकाबले में अपनी हार को जीत में तब्दील कर देगी. लेकिन दूसरी हार से भी लखनऊवासियों को निराशा ही हाथ लगी.



