- ध्यान नहीं दे रहे जिम्मेदार, मरीज और तीमारदारों को हो रही परेशानी
जौनपुर धारा, जौनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में गंदगी की भरमार है। गंदगी ऐसी कि निरोगी भी बीमार पड़ जाय। शिकायत है कि अस्पताल के जिम्मेदार लोग इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि भर्ती वार्ड के शौचालय और वाश बेसिन गंदगी से भरे पड़े हैं। कहीं शौच करके छोड़ दिया गया है तो कहीं खराब कपड़ों को फेंका गया है जिसके कारण उठ रही दुर्गन्ध से मरीज और तीमारदार परेशान हो रहे हैं। वार्ड और उसके पास से लोग नाक बंद करके गुजरते हैं। वार्ड में भर्ती मरीजों ने बताया कि अस्पताल के डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों से कहा जाता है लेकिन वे लोग सुनकर बातों को अनसुना कर देते हैं। अस्पताल वार्ड में गंदगी और भर्ती मरीजों के नाराजगी जताने की जानकारी होने पर कुछ मीडिया कर्मी जब मौके पर पहुंचे तो अस्पताल प्रशासन सक्रिय हुआ। आनन फानन में नगर पंचायत कार्यालय में फोन कर कूड़ा गाड़ी मंगाई गई और साफ सफाई कराई गई। गंदगी के बावत पूछे जाने पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार कन्नौजिया ने बताया कि अस्पताल में सफाई कर्मचारी की तैनाती नहीं है जिसके कारण यह समस्या खत्म नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि वे निजी सफाई कर्मचारियों से साफ सफाई कराते हैं।



